विश्वविद्यालय पुलिस चौकी के पास हुई रामदुलारे कोरी की हत्या के मामले में तीसरे दिन भी पुलिस उनके परिवार को नहीं खोज पाई। हालांकि, जांच में पुलिस को कुछ अहम जानकारियां मिली हैं। पुलिस ने बाइक सवार दूसरे आरोपी की भी पहचान कर ली है।
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। सोमवार को पुलिस दोबारा मृतक के घर पहुंची लेकिन यहां पर ताला लटका मिला।
शनिवार सुबह सात बजे वारदात के बाद से मृतक की पत्नी कलावती, बेटा राजकुमार, सुरेंद्र, वीरेंद्र और बेटी ललिता लापता हैं। सभी के फोन बंद हैं। दूसरी ओर पुलिस मृतक के दो बेटों जितेंद्र और शैलेंद्र से लगातार पूछताछ कर रही है लेकिन हाथ खाली हैं।
आरोपी के मोबाइल का निकलवाया सीडीआर
पुलिस ने आरोपी अखिलेश उर्फ शिवा के मोबाइल नंबर का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकलवा। घटना के बाद से आरोपी का मोबाइल फोन बंद हैं। पुलिस की जांच तकनीकी सर्विलांस पर केंद्रित हो गई है।
अखिलेश के मोबाइल नंबर पर आए और गए सभी कॉल की जांच की जा रही है। कर्नलगंज थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि पुलिस टीम जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।