एलटी ग्रेड शिक्षक के कुल 7,258 पदों में से 4,785 पद पुरुष वर्ग एवं 2,473 पद महिला वर्ग के हैं। वहीं, प्रवक्ता के 1,647 पदों में पुरुष वर्ग के 817 व महिला वर्ग के 830 पद हैं। दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को अशासकीय विद्यालयों में टीजीटी-पीजीटी की नई भर्ती के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग से अधियाचन मिलने का इंतजार है। इसके लिए आयोग व विभाग के अफसरों के बीच तीन बार बैठकें हो चुकी हैं। अधियाचन न मिलने पर आयोग की ओर से शासन को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराया जा चुका है।
दो बार टल चुकी है टीजीटी की पुरानी भर्ती परीक्षा
अशासकीय विद्यालयों में टीजीटी व पीजीटी की नई भर्ती का अता-पता नहीं और तीन साल पुरानी टीजीटी भर्ती परीक्षा दो बार टल चुकी है। इस भर्ती के लिए अगस्त-2022 में आवेदन प्रक्रिया पूरी हुई थी। इसके बाद चार व पांच अप्रैल 2025 को लिखित परीक्षा प्रस्तावित की गई, लेकिन बाद में इसे स्थगित करते हुए नई तिथि 14 व 15 मई प्रस्तावित की गई। दूसरी बार भी परीक्षा टल दी गई और अब 21 व 22 जुलाई को प्रस्तावित की गई है। टीजीटी के 3539 पदों पर भर्ती के लिए 8.69 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं।