फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Currency : 10 के नोट की गड्डी 1500, जबकि 100 के नोट की गड्डी 1150 रुपये में बिक रही, जमकर कालाबाजारी

Thu, 08 May 2025 03:22 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

शगुन और नगद उपहारों में नए नोटों की परंपरा के कारण शादी वाले घरों में 100, 200 और 500 के नए नोटों की जबरदस्त मांग है। नैनी के संजय श्रीवास्तव बताते हैं, 22 मई को भांजी की शादी है। उन्हें नए नोटों की गड्डी चाहिए थी।
विज्ञापन
सौ की गड्डी। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

10 रुपये के 100 नोटों की गड्डी लेनी हो तो 500 रुपये अधिक देने पड़ेंगे। सुनने में थोड़ा अटपटा सा लगता है, लेकिन यह सही है। बैंकों में नए नोटों की सीमित उपलब्धता से शादी के सीजन में शहर के कुछ इलाकों में इनकी कालाबाजारी जोरों पर है। इसका सबसे बड़ा अड्डा शहर का चौक इलाका है। यहां खुलेआम नए नोटों की गड्डियां ज्यादा दाम पर बेची जा रही हैं। यहां 10 के नोट की गड्डी 1500 और 100 के नोट की गड्डी 1150 रुपये में बिक रही है। वहीं, जिम्मेदार आंखें मूंदे बैठे हुए हैं।

विज्ञापन


शगुन और नगद उपहारों में नए नोटों की परंपरा के कारण शादी वाले घरों में 100, 200 और 500 के नए नोटों की जबरदस्त मांग है। नैनी के संजय श्रीवास्तव बताते हैं, 22 मई को भांजी की शादी है। उन्हें नए नोटों की गड्डी चाहिए थी। कई बैंकों में जाने पर नए नोट उपलब्ध न होने की बात कहकर वापस कर दिया गया। एक परिचित के बताने पर चौक पहुंचे तो कुछ ज्यादा दाम देने पर नोट मिल गए। बाई का बाग निवासी प्रदीप केसरवानी ने बताया, पत्नी की बहन की शादी के लिए नए नोट की गड्डियों की जरूरत थी। अलग-अलग कई बैंकों के चक्कर काटे, लेकिन नोट नहीं मिले। इसके बाद एक परिचित के जरिये अधिक कीमत देकर नोटों की व्यवस्था की।

विक्रेता बोले, हमें ही महंगा मिल रहा

नोटों की कालाबाजारी के इस खेल को और गहराई से जानने के लिए बुधवार को चौक पहुंचे। यहां कई दुकानदार नए नोटों की गड्डी बेचते नजर आए। यहां 10 के नोट की गड्डी 1500, 20 के नोट की गड्डी 2200, 50 के नोट की गड्डी 5200, 100 के नोट की गड्डी 1150 रुपये में बिकती मिली। एक दुकानदार ने बताया, शादियों में ज्यादा डिमांड 10 के नोटों की गड्डी की है, यही वजह है कि इसकी कीमत ज्यादा है। वजह पूछने पर एक अन्य दुकानदार ने बताया, उसे खुद ही गड्डी महंगी मिल रही है। एक दुकानदार ने बताया, गनीमत है कि अभी एक गड्डी 1500 की मिल रही है। नौ के बाद लगन तेज होगी और फिर यह रेट 1600 तक जा सकता है। नोट कहां से मिलते हैं, यह पूछने पर सभी दुकानदार चुप्पी साध गए।
विज्ञापन

नोटों को ज्यादा मूल्य पर बेचना गैरकानूननी

जानकार बताते हैं कि नोटों को उनके निर्धारित मूल्य से ज्यादा दाम पर बेचना गलत ही नहीं गैरकानूनी भी है। एसबीआई के रिटायर बैंक मैनेजर अनिल सिन्हा बताते हैं कि भारतीय रिजर्व बैंक अधिनियम, 1934 की धारा 22 और धारा 24 के अनुसार, केवल आरबीआई और भारत सरकार ही कानूनी रूप से मुद्रा जारी कर सकते हैं। यदि कोई व्यक्ति नोटों का संग्रह करके उन्हें ‘प्राकृतिक मूल्य’ से अधिक दर पर बेचता है और वह उन्हें निवेश/संग्रहण के नाम पर ऊंची दर पर बेच रहा है, तो यह ‘अनधिकृत मुद्रा व्यापार’ माना जा सकता है। अधिवक्ता राकेश शुक्ला कहते हैं, ऐसे मामले में कंज्यूमर प्रोटेक्शन एक्ट-2019 के तहत भी अपील की जा सकती है। अगर उपभोक्ता को जानबूझकर अधिक मूल्य पर मुद्रा बेचकर ठगा जाता है, तो यह उपभोक्ता के अधिकारों का उल्लंघन है। इसकी शिकायत की जा सकती है।

अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलती है तो जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। - अभिजीत कुमार, एडीसीपी नगर
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें