प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में बृहस्पतिवार को 534 छात्र-छात्राओं ने फीस जमा करते हुए प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर ली। हालांकि सीट एलॉटमेंट 621 अभ्यर्थियों को किया गया। लेकिन, ऑनलाइन काउंसलिंग के दौरान नेटवर्क की दिक्कत के कारण कई अभ्यर्थी फीस जमा नहीं कर सके। अभ्यर्थी ने इसकी शिकायत प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. प्रशांत अग्रवाल ने की।
निदेशक ने बताया कि नेटवर्क की दिक्कत को देखते हुए फीस जमा करने की अंतिम तिथि एक दिन बढ़ा दी गई है। जिन अभ्यर्थियों को सीटें एलॉट कर दी गई हैं, वे छह नवंबर को शाम छह बजे तक ऑनलाइन फीस जमा कर सकते हैं।
इविवि में बीएससी गणित में प्रवेश आज से
इविवि में बीएससी में गणित में ऑनलाइन प्रवेश की प्रक्रिया छह नवंबर से शुरू होने जा रही है। सभी श्रेणियों में 182 या अधिक अंक एवं एसटी वर्ग में 92 या अधिक अंक पाने वाले अभ्यर्थी शुक्रवार सुबह आठ से शाम चार बजे तक च्वाइस फिलिंग की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे और अपने शैक्षिक अभिलेख ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे।
ईश्वर शरण में बीवोक में प्रवेश आज से
ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में सत्र 2020-21 के लिए बीवोक प्रथम वर्ष की प्रवेश की प्रक्रिया छह नवंबर से शुरू होगी। इंटरमीडिएट एवं समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्रवेश ले सकते हैं, इसके लिए इलाहाबाद विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य नहीं है। प्रवेश के समय कुछ अभिलेखों की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी, जिनमें हाईस्कूल या समकक्ष का प्रमाणपत्र, इंटरमीडिएट या समक्षक का अंकपत्र, स्थानांतरण पत्र, गैपवर्ष में लिए शपथपत्र, जाति एवं आयक प्रमाणपत्र शामिल हैं।
एसएस खन्ना में बीएड में प्रवेश शुरू
एसएस खन्ना महिला महाविद्यालय में बीएड प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्राचार्य प्रो. लालिमा सिंह के अनुसार काउंसलिंग फॉर्म सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक बीएड विभाग के काउंटर से प्राप्त एवं जमा किए जा सकते हैं। काउंसलिंग फॉर्म जमा न करने पर आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। काउंसलिंग फॉर्म भरेने वाले अभ्यर्थियों को ही मेरिट के आधार प्रवेश दिया जाएगा।