कोतवाली के पास शॉपिंग कॉम्पलेक्स में घुसकर उसकी मालकिन से छेड़छाड़, मारपीट, गालीगलौज की गई। आरोप है कि पुराने कर्मचारी ने कई लोगों संग मिलकर तब घटना की, जब महिला के पति शहर से बाहर थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन नामजद व अन्य अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि भूषण यादव उसका पुराना कर्मचारी है। आरोप है कि उसने अरुण कुमार साहू व अनुराग सिंह व कई अन्य के साथ मिलकर 19 सितंबर को कॉम्पलेक्स में घुसकर गालीगलौज करते हुए धमकी दी।
20 सितंबर को उसके पति बाहर गए थे और यह जानकर आरोपी कई अज्ञात को लेकर आए और छेड़छाड़, गालीगलौज करते हुए कई दुकानों में ताला लगा दिया। विरोध पर उसके बुजुर्ग पिता को पीटा गया और बच्चों के अपहरण की धमकी दी गई।
शिकायत के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इससे आरोपियों का दुस्साहस बढ़ता गया और 21 सितंबर की रात आठ बजे एक बार फिर आरोपी कॉम्पलेक्स में घुस आए। फिर उसकी दुकान में ताला लगा दिया।
घटना से ग्राहकों में अफरातफरी मच गई। साथ ही पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड भी हुई है। कोतवाली इंस्पेेक्टर अमर सिंह रघुवंशी ने बताया कि तहरीर के आधार पर छेड़छाड़, मारपीट, गालीगललौज, धमकी, आपराधिक साजिश समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच पड़ताल की जा रही है।