घायल इंजीनियरिंग का छात्र आंशू मिश्रा।
- फोटो : PRATAPGARH
ननिहाल में निमंत्रण से शामिल होकर दोस्तों के साथ घर लौट रहे इंजीनियरिंग के छात्र को कुछ लोगों ने जमकर पीटा। बीचबचाव पर साथियों पर भी हमला बोला। उसकी बाइक तोड़ डाली। आसपास के लोगों के पहुंचने पर छात्र की जान बची। गंभीर रूप से घायल छात्र को उपचार के लिए लखनऊ ले जाया गया। घटना के बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर लिया।
कंधई थाना क्षेत्र के जैतीपुर निवासी आंशू मिश्रा (27) पुत्र लल्लन मिश्रा इंजीनियरिंग का छात्र है। मंगलवार को पट्टी कोतवाली क्षेत्र के दोनई निवासी ओमप्रकाश दुबे के घर आयोजित भंडारे में शामिल होने के लिए वह अपने मौसा विपुल मिश्रा गड़ौरी कोतवाली पट्टी और साथी मोनू के साथ बाइक से गया था। निमंत्रण से रात में वह घर लौट रहा था। पट्टी कोतवाली क्षेत्र के उड़ैयाडीह बाईपास पर वह रुककर सब्जी खरीदने लगा।
चौराहे पर मौजूद युवकों ने आशू मिश्रा को गाली देते हुए अपने पास बुलाया। आशू उनके पास नहीं गया। जिसके चलते दबंगों ने इंजीनियरिंग के छात्र पर लाठी-डंडा के साथ ही धारदार हथियार से हमला कर दिया। साथ रहे मौसा विपुल मिश्रा व साथी मोनू बीच-बचाव करने लगे। हमलावरों ने उन लोगों को भी पीटकर घायल कर दिया। उनकी बुलेट बाइक भी तोड़ डाली।
पिटाई से आशू मरणासन्न हो गया। विपुल मिश्रा ने अपने रिश्तेदार ओमप्रकाश दुबे को सूचना दी। कुछ देर में रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और सभी को उपचार के लिए सीएचसी ले गए। जहां हालत गंभीर होने पर आशू को जिला अस्पताल भेजा गया। वहां से डॉक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। हालत में सुधार होते न देख डाक्टरों ने लखनऊ भेज दिया।
इंजीनियरिंग के छात्र को पीटने के दौरान गले से सोने की चेन भी हमलावर छीन ले गए। इस मामले में विपुल मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने पीयूष सिंह उर्फ टक्कू सिंह, शिवा सिंह, सचिन सोनी निवासी उड़ैयाडीह और विजय सिंह निवासी मिश्रौली थाना कंधई के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर ली। पट्टी कोतवाल ने बताया कि जो तहरीर मिली थी उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। आरोपियों की तलाश की जा रही है।