थाना क्षेत्र के चक अमानुल्लाह उर्फ चकमूदन धमौर गांव में ग्राम सभा की जमीन पर अतिक्रमण करके क्रय विक्रय का मामला प्रकाश में आया है। ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम ने अवैध कब्जा हटवाने के लिए राजस्व निरीक्षक और थाना अध्यक्ष बहरिया को आदेशित किया है।
ग्रामीणों ने एसडीएम फूलपुर जूही प्रसाद को शिकायतपत्र देकर आरोप लगाया था कि चक अमानुल्लाह उर्फ चकमुदन धमौर गांव की ग्रामसभा की संपत्ति राजस्व अभिलेख में उसर खाते के नाम से दर्ज है। इस ग्राम सभा की जमीन पर भूमाफिया अवैध कब्जा करके प्लाॅटिंग कर रहे हैं, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान हो रहा है। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व निरीक्षक और थानाध्यक्ष बहरिया को ग्राम सभा की जमीन से अवैध कब्जा हटवाने के लिए आदेशित किया है। थानाध्यक्ष बहरिया ब्रजेश सिंह ने बताया कि ग्राम सभा की जमीन से अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई की जाएगी।