इलाहाबाद। सर्किट हाउस में भदोही से भाजपा सांसद वीरेंद्र कुमार सिंह की ओर से एक कर्मचारी को धमकाकर कमरा खुलवाए जाने के मामले में कर्मचारियों ने सांसद के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पीडब्ल्यूडी नियमित वर्कचार्ज कर्मचारी संघ की ओर से पीएम को पत्र लिखकर सांसद की शिकायत की गई है। साथ ही डीएम, पीब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता सहित अन्य अफसरों को भी ज्ञापन देकर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
सर्किट हाउस में बृहस्पतिवार सुबह छह बजे अचानक पहुंचे सांसद वीरेंद्र सिंह ने वहां मौजूद कर्मचारी राजकुमार पांडेय से कमरा खोलने के लिए कहा लेकिन कर्मचारी को कोई आदेश नहीं दिया गया था, सो उसने कमरा खोलने से इनकार कर दिया। कर्मचारी ने आरोप लगाया कि सांसद ने धमकाया और समर्थन ने कॉलर पकड़ने उसे रिवॉल्वर सटा दी और उसे मजबूरी में कमरा खोलना पड़ा।
इस मसले पर शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी नियमित वर्कचार्ज कर्मचारी संघ के बैनर तले मंत्री विजय श्याम तिवारी के नेतृत्व में हुई बैठक के दौरान कर्मचारियों ने घटना पर रोष जताया। बाद मे संगठन की ओर से डीएम कार्यालय, पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देकर उचित कार्रवाई की मांग की गई। वहीं, प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र भेजकर सांसद की शिकायत की गई। साथ ही प्रधानमंत्री से भी मामले में उचित कार्रवाई की मांग की गई।