सूर्या कमान की ओर से मंगलवार को डिफेंस सर्विसेज अफसर इंस्टीट्यूट में सैन्य विधि एवं क्रियान्वयन से संबंधित दो दिनी पाठ्यक्रम की शुरुआत की गई, जिसका उद्घाटन न्यायमूर्ति सुनीत कुमार ने किया। इस मौके पर न्यायमूर्ति सुनीत कुमार ने सैन्य प्रणाली में पारदर्शिता एवं शीघ्र निपटारे पर जोर देते हुए कहा कि सैन्य विधिवली आंतरिक समस्याओं को पूर्ण प्रावधान रखती है लेकिन दक्षता एवं न्याय संगत निष्पादन ही इसमें विश्वास प्रदान करता है।
पूर्व उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश के जनरल अफसर कमांडिंग मेजर जनरल एसके सिंह ने कहा कि अनुशासन सेना की रीढ़ है और सैन्य विधि में अनुशासन कायम रखने के सभी प्रावधान उपलब्ध हैं लेकिन इसके लिए संबंधित नियमों को सुचारू रूप से पालन होना जरूरी है ताकि सैनिकों एवं नागरिकों का विश्वास इसमें यथावत बना रहे। बिग्रेडियर डीके अहलुवालिया, उप न्याय अधिवक्ता सूर्या कमान ने भी सैन्य विधि एवं क्रियान्वयन पर विस्तार से जानकारी दी। ब्रिगेडियर अहलुवालिया के नेतृत्व में लेफ्टिनेंट कर्नल सुबोध वर्मा एवं मेजर प्रीति त्यागी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन किया।