आंधी के बाद से मेजा में बिजली व्यवस्था पटरी से उतर गई है। खराबी दूर करने के बाद 24 घंटे में मात्र 8-10 घंटे ही ग्रामीणों को बिजली मिल रही है। शुक्लपुर विद्युत उपकेंद्र की स्थिति बेहद खराब है। दिन के अलावा रात में की जा रही कटौती से ग्रामीण परेशान हैं।
बिजली की खराब व्यवस्था पर सपा के प्रदेश सचिव नरेंद्र सिंह ने नाराजगी जताई है। 13 मई की शाम को आई आंधी के बाद मेजा में बिजली व्यवस्था पटरी से उतर गई है। बार-बार ट्रिपिंग तो आम बात हो गई है।
नरेंद्र सिंह ने बताया कि बिजली की बदतर व्यवस्था से हर कोई परेशान है। कोई छोटी सी भी खराबी को दूर करने में 24 घंटे का समय लग जा रहा है। ऐसे में परेशानी बढ़ गई है। मेजा के एसडीओ सुरजीत कुमार ने बताया कि आंधी से क्षतिग्रस्त व्यवस्था को ठीक कर लिया गया है। प्रयास है कि हर विद्युत उपकेंद्रों पर सुचारू रूप से बिजली आपूर्ति की जाए।
तहसील मुख्यालय पर भी दिन में की जा रही कटौती
मेजा। तहसील मुख्यालय में दिन में की जा रही बिजली कटौती से सरकारी काम प्रभावित हो रहे हैं। आरोप है कि दिन में चार घंटे ही बिजली मिल पा रही है। अधिवक्ता राजू पांडेय ने बताया कि कई बार की गई शिकायत के बाद भी कटौती बंद नहीं हो रही है। अगर, यही स्थिति रही तो प्रदर्शन किया जाएगा।