करेलाबाग से जुड़े मोहल्लों में भी रही परेशानी
प्रयागराज। कई घंटों तक बत्ती गुल रहने के साथ ही थोड़ी-थोड़ी देर पर बिजली की आवाजाही ने बुधवार को शहरियों को रुलाया। करेलाबाग, करेली, रहमत नगर, वसीयाबाद, शास्त्रीनगर, रसूलपुर आदि मोहल्लों में बिजली कटौती को लेकर लोग परेशान रहे। बिजली जाने से उमस से लोगों का बुरा हाल रहा।
वहीं शट डाउन के चलते कीडगंज के फीडरों पर भी बिजली गुल रही। कीडगंज उपकेंद्र से जुड़े पांच फीडरों पर बिजली आपूर्ति दिन भर ठप रही। 33 हजार केवी क्षमता के खंभों को बदलने के लिए सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक शट डाउन लिया गया था।
एसडीओ नितिन बरनवाल ने बताया कि दो जगह पोल बदलने का काम होने की वजह से कीडगंज के अलावा शंकर लाल भार्गव, कृष्णानगर, खलासी लाइन, पीलीकोठी फीडर लाइनों पर बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिसे शाम के बाद चालू कराया जा सका।