लालगोपालगंज- मृतक शिवपाल सरोज की फाइल फोटो
लालगोपालगंज कस्बा के उमरावगंज मोहल्ले में मंगलवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। ट्यूबवेल के लिए खड़ा किया जा रहा बिजली का पोल अचानक मजदूर पर गिर पड़ा। मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई, और दोनों पक्षों के बीच समझौते के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के पाठक का पूरा गांव निवासी शिवपाल सरोज (22) मोहल्ले में निजी ट्यूबवेल के लिए बिजली का पोल खड़ा करने के लिए गया था। जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर के सहारे पोल को खड़ा किया जा रहा था। पोल को संभालने के लिए बंधी रस्सी टूट गई, जिससे भारी बिजली का खंभा सीधे मजदूर शिवपाल के सिर पर जा गिरा। सिर पर गंभीर चोट लगने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक शिवपाल मजदूर चार भाई और चार बहनों में छोटा था। वह बिहार प्रांत में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। दो दिन बाद वह फिर से परदेस जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही हादसे ने उसकी जिंदगी छीन लिया। घटना के बाद ट्यूबवेल लगाने वाले और मृतक के परिजनों ने समझौता कर लिया। बाद में परिजनों ने गऊघाट के पास शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
लालगोपालगंज- मृतक शिवपाल सरोज की फाइल फोटो