युवाओं को बूथ अध्यक्ष बनाएगी भाजपा
भाजपा ने सभी बूथों की कमान युवाओं को सौंपने की तैयारी की है। पार्टी ऐसे युवाओं को बूथ अध्यक्ष बनाएगी, जिनकी उम्र 25 से 35 वर्ष की है। बूथ पर अध्यक्ष समेत 12 सदस्यीय टीम रहेगी। हर बूथ में तीन पद महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे।
भाजपा मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि इसमें सभी वर्गों के लोगों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है। हर बूथ पर एक अध्यक्ष, एक मंत्री, एक लाभार्थी प्रमुख, एक मन की बात का प्रमुख, एक व्हाट्सएप ग्रुप का प्रमुख, एक बूथ लेवल एजेंट, तीन महिला कार्यकारिणी सदस्य और तीन अन्य कार्यकारिणी सदस्य होंगे।
इसके अलावा बूथ की टीम में 30 साधारण सदस्य होंगे। राजेश ने बताया कि बूथ लेवल चुनाव चयन की प्रक्रिया के पश्चात संगठन पर्व के अंतर्गत मंडल की चुनाव चयन प्रक्रिया शुरू होगी। यह कार्य 15 दिसंबर तक हो जाएगा।
आपसी सहमति एवं सामाजिक समीकरण के आधार पर बूथ अध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्ष प्रदेश एवं क्षेत्र संगठन के द्वारा तय किए जाएंगे। इसके बाद जिला अध्यक्ष के लिए संगठन पर्व के चयन प्रक्रिया शुरू होगी। मंडल अध्यक्ष की आयु सीमा 40 से 50 और जिला अध्यक्ष की 50 से 60 वर्ष निर्धारित की गई है।