नैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत अरैल मोड से अरैल गंगा घाट जाने वाले मार्ग पर स्थित मुरादपुर मोहल्ले में सोमवार की शाम क्रिकेट खेलने के दौरान बच्चों में विवाद हो गया। इस विवाद में उनके अभिभावक शामिल हुए तो मामला बढ़ गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच सड़क जमकर लाठी डंडे चले। एक पक्ष ने दहशत फैलाने के लिए बमबाजी की तो इसमें एक बच्ची समेत दो लोग घायल हो गए। मामले में नैनी पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार उक्त मोहल्ला में शहाजी का पूरा निवासी शहनवाज पुत्र खलीलउल्ला की ससुराल है। उनके बच्चे जोएब, अली राजा, अलसनद ननिहाल गए हुए थे। वह रहमत के घर के बच्चों के साथ क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान हार जीत में लगे पैसे को लेकर विवाद हो गया। विवाद में बड़े कूद पड़े। दोनों पक्षों में लाठी डंडे चलने लगे। तभी एक पक्ष दहशत फैलाने के लिए ताबड़तोड़ दो बम फेंक दिए। बीच सड़क बमबाजी से वहां दहशत फैल गई। बम के छर्रे लगने से सात साल की आइसा पुत्री मो. अनीस और बबलू पुत्र जुम्मन घायल हो गए।
बमबाजी के बाद लोग दुकान बंद कर वहां से हट गए। वहीं दोनों पक्ष से बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को वहां से हटाया। इसके बाद आस-पास के मकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू किया तो एक कैमरे में पूरी घटना कैद मिली। बाद में पुलिस शहनवाज की तहरीर पर अरैल निवासी नियाज पुत्र फुल्लन, इमरान पुत्र बिहारी और रहमत के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। नैनी कोतवाली प्रभारी बृज किशोर गौतम ने मौके पर पहुंचकर लोगों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि राॅड के वार से एक महिला मामूली रूप से घायल हुई है। दहशत फैलाने के लिए बम फेंके गए थे। तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें पकड़ने के लिए दबिश डाली जा रही है। संवाद