रविवार सुबह मेजारोड-मेजा मार्ग पर गौरा पौसिया गांव के सामने बेकाबू बाइक की टक्कर से सड़क पार कर रहे बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, बाइक सवार भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे शहर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मेजा थाना क्षेत्र के गौरा पौसिया गांव का मिठाई लाल प्रजापति (70) सुबह नौ बजे सड़क पार कर रहे थे। तभी मेजा से मेजारोड की तरफ जा रहे बाइक सवार ने अनियंत्रित होकर मिठाई लाल को टक्कर मार दी। जिससे मिठाई लाल के सिर में गंभीर चोट आ गई। उन्हें जब तक राहगीर अस्पताल ले जाते तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों के मुताबिक मिठाई लाल खेत की तरफ जा रहे थे, तभी हादसे के शिकार हो गए। बाइक सवार रहीम अहमद (23) निवासी मेजा भी घायल हो गया है। उसका इलाज शहर के एक अस्पताल में चल रहा है। मेजा थाने के इंस्पेक्टर दीनदयाल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।