झांसी रूट पर इलेक्ट्रिक इंजन लगी ट्रेनों का संचालन आज से
पिछले दिनों ही सीआरएस ने किया था इस रूट का निरीक्षण
सीआरएस की ओके के बाद सबसे पहले यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में लगा रहा इंजन
प्रयागराज। इलाहाबाद जंक्शन-झांसी रूट पर सोमवार से इलेक्ट्रिक इंजन लगी ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। इसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से होने जा रही है। इसके बाद एक-एक करके इस रूट पर चलने वाली सभी ट्रेनें इलेक्ट्रिक इंजन से लैस हो जाएंगी। सभी ट्रेनों में इलेक्ट्रिक इंजन लगने से इलाहाबाद जंक्शन से झांसी के बीच चलने वाली सभी ट्रेनों के समय में भी सुधार आएगा।
पिछले दिनों ही केंद्रीय रेल विद्युतीकरण संगठन (कोर) ने इलाहाबाद-झांसी रूट के विद्युतीकरण का काम पूरा किया था। इसके बाद सीआरएस ने इस रूट पर निरीक्षण कर इलेक्ट्रिक इंजन लगी ट्रेनों की आवाजाही पर हरी झंडी दिखा दी। सीआरएस की ओके के बाद उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन इस रूट पर इलेक्ट्रिक इंजन लगी ट्रेनों का संचालन शुरू करने जा रहा है। इस रूट से पहली ट्रेन के रूप में 12448 निजामुद्दीन- यूपी संपर्क क्रांति चलेगी। इसके बाद आठ अक्तूबर से ग्वालियर-हावड़ा चंबल एक्सप्रेस में भी इलेक्ट्रिक इंजन लग जाएगा। इसके बाद बुंदेलखंड एक्सप्रेस, तुलसी एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में भी इलेक्ट्रिक इंजन रेलवे लगा देगा। एनसीआर के पीआरओ डा. अमित मालवीय के मुताबिक इस रूट इस रूट पर संचालित सभी यात्री ट्रेनों में एक-एक करके इलेक्ट्रिक इंजन लगा दिए जाएंगे। इससे ट्रेनों की स्पीड में भी सुधार आएगा।