फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahakumbh : मौनी अमावस्या पर चलेंगी आठ हजार बसें, 150 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें, तैयारियों को दिया अंतिम रूप

Fri, 24 Jan 2025 07:37 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, महाकुंभ नगर (प्रयागराज)

सार

रेलवे प्रयागराज जंक्शन, छिवकी, नैनी, प्रयाग, रामबाग से स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी में है। वहीं, यूपी रोडवेज के रिकॉर्ड आठ हजार बसों में से सात हजार की आवाजाही प्रदेश के सभी जिलों में होगी। एक हजार बसें रिजर्व में रखी जाएंगी। जरूरत के हिसाब से उनका इस्तेमाल होगा।
विज्ञापन
महाकुंभ 2025 - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाकुंभ के सबसे बड़े अमृत स्नान मौनी अमावस्या को लेकर रेलवे और यूपी परिवहन निगम ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। अमृत स्नान पर जहां निगम आठ हजार बसों का संचालन करेगा, वहीं रेलवे 150 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाएगा।

रेलवे प्रयागराज जंक्शन, छिवकी, नैनी, प्रयाग, रामबाग से स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी में है। वहीं, यूपी रोडवेज के रिकॉर्ड आठ हजार बसों में से सात हजार की आवाजाही प्रदेश के सभी जिलों में होगी। एक हजार बसें रिजर्व में रखी जाएंगी। जरूरत के हिसाब से उनका इस्तेमाल होगा। शुक्रवार को डीआरएम प्रयागराज हिमांशु बडोनी ने बताया कि प्रयागराज में तीन जोनल रेलवे के आठ स्टेशनों से 150 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।

विज्ञापन


रूटीन की ट्रेनों को शामिल कर लिया जाए तो यह संख्या 400 के पार होगी। डीआरएम ने बताया कि 13 जनवरी से 23 जनवरी तक 950 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा चुकी हैं। बताया कि मकर संक्रांति पर रेलवे ने ऑन-डिमांड 134 ट्रेनों का संचालन किया है। मौनी अमावस्या के लिए इस बार अधिक ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसी वजह से अलग-अलग तिथि में लंबी दूरी की कुल 58 ट्रेनों को निरस्त किया गया है। प्रयागराज आने वाली 28 ट्रेनें छिवकी रेलवे स्टेशन पर शिफ्ट की गई हैं।

शहर के सभी चौराहों पर होगा एनाउंसमेंट

मौनी अमावस्या पर एनाउंसमेंट के जरिये मेला क्षेत्र के श्रद्धालुओं को स्टेशन से रूट वार ट्रेनों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही प्रशासन की मदद से चौराहों पर एनाउंसमेंट किया जाएगा। महाकुंभ से जुड़े सभी रेलवे स्टेशनों पर इस व्यवस्था का पालन होगा ताकि भीड़ का समान वितरण हो सके।

13 दिन में 13.20 लाख यात्रियों ने किया सफर

महाकुंभ में 11 जनवरी से 23 जनवरी के मध्य अब तक 13.20 यात्रियों ने सफर किया। यह आंकड़े प्रयागराज जंक्शन, छिवकी, सूबेदारगंज एवं नैनी स्टेशन से अनारक्षित एवं आरक्षित टिकट वाले यात्रियों के हैं। इस अवधि में रेलवे प्रशासन को 71.28 करोड़ रुपये की आय हुई। सीनियर डीसीएम हिमांशु शुक्ला ने बताया कि 2019 कुंभ के दौरान इस अवधि में 6.48 लाख यात्रियों ने सफर किया था। तब रेलवे को 21.88 करोड़ रुपये की आय हुई थी।

खुसरो बाग आश्रय स्थल पर इस्कॉन उपलब्ध कराएगा भोजन

डीआरएम प्रयागराज ने बताया कि अगर मौनी अमावस्या पर जंक्शन पर भीड़ बढ़ती है तो खुसरो बाग में बनाए गए आश्रय स्थल पर यात्रियों को रोका जाएगा। वहां भी इस्कॉन की ओर से यात्रियों को भोजन भी उपलब्ध करवाया जाएगा। कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 25 अतिरिक्त रेक सहित कुल 200 रेकों की व्यवस्था की गई है।

स्टेशनों पर उतरते ही यात्रियों को दिया जाएगा पंफलेट

प्रयागराज के तमाम स्टेशनों पर ट्रेनों से उतरने वाले यात्रियों को रेलवे द्वारा पंफलेट वितरित किया जाएगा। इस पंफलेट पर सभी स्टेशनों से चलने वाली ट्रेनों का रूट व वहां पहुंचने के मार्ग की जानकारी रहेगी।

सूबेदारगंज स्टेशन के आसपास खड़ी होंगी 150 बसें

मौनी अमावस्या पर अगर सूबेेदारगंज स्टेशन पर भीड़ बढ़ती है तो यात्री सुविधा के मद्देनजर स्टेशन के आसपास 150 बसों का इंतजाम रहेगा। सूबेदारगंज प्लेटफॉर्म छह की तरफ 30 बसें, प्लेटफॉर्म नंबर एक की तरफ 40 बसें और डीएफसी ग्राउंड पर 80 बसें इमरजेंसी प्लान के तहत खड़ी रहेंगी।

रूट वार इन स्टेशनों से मिलेंगी ट्रेनें

  • प्रयाग, फाफामऊ जंक्शन : रायबरेली, लखनऊ, जौनपुर, प्रतापगढ़, अयोध्या की ओर।
  • प्रयागराज रामबाग, झूंसी : वाराणसी, मऊ, गोरखपुर, बलिया, छपरा की ओर।
  • प्रयागराज जंक्शन, सूबेदारगंज : कानपुर, आगरा, अलीगढ़, दिल्ली की ओर।
  • नैनी, छिवकी, प्रयागराज जंक्शन : विंध्याचल, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, बक्सर, पटना की ओर।
  • प्रयागराज जंक्शन, छिवकी, नैनी : मानिकपुर, चित्रकूट, महोबा, झांसी, सतना, जबलपुर की ओर।
विज्ञापन

इन स्थानों से मिलेंगी रोडवेज की बसें

  • झूंसी बस स्टेशन : दोहरीघाट, बड़हलगंज, गोला, उरुवा, खजनी, सिकरीगंज, गोरखपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया व संबंधित मार्ग।
  • दुर्जनपुर बस स्टेशन : अगर मेला प्रशासन झूंसी बस स्टेशन बंद करता है तो वहां से संचालित बस दुर्जनपुर से चलेंगी।
  • सरस्वती गेट बस स्टेशन : बदलापुर, टांडा, पदमपुर, कमारियाघाट, वाराणसी व संबंधित मार्ग।
  • नेहरू पार्क बस स्टेशन : कानपुर, कौशाम्बी व संबंधित मार्ग।
  • बेली कछार बस स्टेशन : मेला प्रशासन नेहरू पार्क बस स्टेशन बंद कर वहां से संचालित होने वाली बसों को बेली कछार शिफ्ट किया है।
  • बेला कछार बस स्टेशन : रायबरेली, लखनऊ, अयोध्या, अयोध्या धाम, गोंडा, बहराइच, बस्ती व संबंधित मार्ग।
  • सरस्वती हाईटेक सिटी बस स्टेशन : विंध्याचल, मिर्जापुर, शक्तिनगर व संबंधित मार्ग।
  • लेप्रोसी मिशन सेवा बस स्टेशन : बांदा, चित्रकूट, रीवा, सीधी एवं संबंधित मार्ग।

नोट...आवश्यकता पड़ने पर सूबेदारगंज और सिविल लाइंस से भी चलाई जा सकती हैं बसें।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें