भारी बारिश के बावजूद शुक्रवार को दिन में बड़ी संख्या में शिक्षा मित्र सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय के बाहर जुटे और प्रदर्शन किया। बाद में शिक्षामित्रों ने पैदल मार्च निकाला और बीएसए को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा। आंदोलन की अगुवाई कर रहे नेताओं ने शनिवार को भी बड़ी संख्या में शिक्षकों मित्रों से जुटने की अपील की।
शिक्षामित्रों ने अपनी मांगों को दोहराते हुए कहा कि उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार नया अध्यादेश लाकर 1.70 लाख शिक्षामित्रों को सहायक अध्यापक बनाए और अध्यादेश आने तक समान कार्य के लिए समान वेतन का भुगतान करे। इन मांगों के साथ आदर्श समायोजित शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्विनी त्रिपाठी और उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के अध्यक्ष वसीम अहमद के नेतृत्व में एकजुट हुए शिक्षा मित्रों ने घोषणा की कि 21 अगस्त को सभी लखनऊ चलने के लिए तैयार हैं। प्रदेश सरकार को शिक्षामित्रों की बात सुननी होगी।
शिक्षामित्र सर्वशिक्षा अभियान कार्यालय से पैदल मार्च निकालकर बीएसए कार्यालय पहुंचे और बीएसए की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि खंड शिक्षा अधिकारी नगर क्षेत्र अर्जुन सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर सभा का भी आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता आनंद तिवारी एवं संचालन शारदा शुक्ला ने किया। इस दौरान अभिनलव त्रिपाठी, मो. अख्तर, जनार्दन पांडेय, इकबाल बहादुर, सुनील तिवारी, अरुण सिंह, संदीप तिवारी, राकेश शुक्ला, विवेक मिश्र आदि मौजूद रहे।