ईसीसी में हुए दक्षता भाषण में प्रत्याशियों ने उठाए गंभीर मुद्दे
छात्र परिषद के लिए ईसीसी में मतदान और मतगणना आज
प्रयागराज, 24 अक्तूबर। इविंग क्रिश्चियन कॉलेज (ईसीसी) में छात्र परिषद के लिए मतदान और मतगणना शुक्रवार होगी। इसके बाद परिणाम जारी करते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी। मतदान की पूर्व संध्या पर बृहस्पतिवार को ईसीसी में दक्षता भाषण का आयोजन किया गया, जिसमें प्रत्याशियों ने पुस्तकालय, कॉमन रूम, परीक्षाओं से संबंधित कई गंभीर मुद्दे उठाए और चुनाव जीतने पर छात्रों की समस्या को दूर करने का वादा भी किया।
ईसीसी में 25 अक्टूबर को भौतिक विज्ञान विभाग में सुबह नौ से से 12 बजे तक मतदान होगा और अपराह्न एक बजे से मतगणना शुरू होगी। दोपहर दो बजे तक परिणाम घोषित कर दिया जाएगा और इसके बाद पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी। बृहस्पतिवार को आयोजित दक्षता भाषण में छह पदों के लिए चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों ने अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं। इस दौरान प्राचार्य डॉ. अरुण मोसेज, मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. उमेश प्रताप सिंह, उप चुनाव अधिकारी डॉ. जस्टिन मसीह, चीफ प्रॉक्टर डॉ. थॉमस अब्राहम, डॉ. संजय मसीह, सहायक निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रेम प्रकाश आदि मौजूद रहे।
ट्रिपल ‘पी’ को बनाया चुनावी मुद्दा
- अध्यक्ष पद के प्रत्याशी लोकतार्क श्रंगीऋषि ने कहा कि उनकी प्राथमिकता ट्रिपल ‘पी’ यानी परीक्षाएं, परिणाम और पुस्तकालय हैं। महाविद्यालय में ये तीनों चीज सही नहीं हैं। अंकुर राय ने कहा कि लाइब्रेरी में कई विषयों की किताबें मिलती ही नहीं हैं। नई और अच्छी किताबों के लिए संघर्ष करेंगे। महिला प्रत्याशी लकी मिश्रा ने परिसर में छात्राओं की सुरक्षा और कॉमन रूम का मुद्दा उठाया।
नियमित कक्षाओं पर दिया जोर
उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी विशाल उपाध्याय ने कहा कि वे प्रयास करेंगे कि कक्षाओं का संचालन नियमित रूप से हो। प्रत्याशी सुजीत तिवारी ने महाविद्यालय में बाहरी छात्रों के प्रवेश को रोकने की बात कही। अनीश त्रिपाठी ने पुस्तकालय में कम से कम दो पुस्तकें दिलवाने का वादा किया।
छात्राओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी जरूरी
मंत्री पद के प्रत्याशी दीपांशु सिंह ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती जरूरी है। इसके लिए प्रयास करेंगे। विवेक यादव ने लाब्रेररी और प्रयोगशालाओं को आधुनिक करने का मुद्दा उठाया तो अमन मिश्र ने कहा कि कॉलेज में शौचालय एवं पेयजल की समस्या का मुद्दा कॉलेज के प्रशासन के सामने उठाएंगे।
शिक्षणेत्तर गतिविधियों पर भी देना होगा ध्यान
संयुक्त मंत्री पद के प्रत्याशी आयु मिश्र ने कहा कि कॉलेज में शिक्षणेत्तर गतिविधियों पर भी ध्यान देना होगा ताकि छात्र-छात्राओं का सर्वांगीण विकास हो। प्रत्याशी आराम सिंह ने स्वच्छता का मुद्द उठाया
शैक्षिक माहौल में सुधार का वादा
उप कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशी गौरव द्विवेदीने शैक्षिक माहौल में सुधार और संगोष्ठी कराने का वादा किया। इसी पद के दूसरे प्रत्याशी मरण कुमार डेंगू से पीड़ित होने के कारण दक्षता भाषण में शामिल नहीं हो सके।
संस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भी करने होंगे प्रयास
सांस्कृतिक मंत्री पद के प्रत्याशी जितेश शुक्ल ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से ईसीसी की सभ्यता एवं संस्कृति को नए मुकाम तक पहुंचाने और प्रत्याशी मोहित गौतम ने स्पंदन जैसे कार्यक्रमों को नए उत्साह के साथ शुरू करने की बात कही। वहीं, प्रत्याशी विपिन कुमार ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सभी छात्रों की सहभागिता सुनिश्चित कराने का वादा किया।
ECC Student Council Election 2019-20- फोटो : CITY DESK