प्रदेश के सहायता प्राप्त (एडेड) के 4,512 व माध्यमिक विद्यालयों के 23,213 पदों के लिए अधियाचन लेने के लिए तैयार किया गया ई-अधियाचन पोर्टल अभी तक शासन स्तर से लाइव नहीं हो सका है। इससे भर्ती प्रक्रिया अटकी हुई है।
शिक्षा निदेशालय के अनुसार भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए कुल 23,213 पदों का अधियाचन अपलोड किया जाना है। इनमें इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य के 1502, हाईस्कूल स्तर पर प्रधानाध्यापक / प्रधानाचार्य के 1003, प्रवक्ता के 2705, सहायक अध्यापक के 16114 व संबद्ध प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के 1889 पद शामिल हैं।
पोर्टल लाइव होते ही उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग अधियाचन प्रक्रिया का परीक्षण कर निदेशालय को रिक्त पदों का विवरण अपलोड करने की संस्तुति देगा। इसके बाद निदेशालय विभिन्न पदों के लिए अधियाचन पोर्टल पर अपलोड करेगा। अधियाचन अपलोड होने के बाद आयोग तकनीकी परीक्षण कर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए विज्ञापन जारी करने की तैयारी करेगा।
उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार का कहना है कि आयोग ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। पोर्टल लाइव होते ही आयोग परीक्षण कर भर्ती का विज्ञापन जारी करेगा।