स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय का बृहस्पतिवार की सुबह जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा व उनकी टीम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी सबसे पहले ट्रामा पहुंचे। जहां पर उन्होंनें शिकायत पेटिका को खुलवाया। पेटिका में उन्हें कूड़े का ढेर और दो से तीन शिकायत पत्र मिले। इनमें डॉयलिसिस सेंटर में प्रयोग होने वाला सामान एवं दवाएं बाहर से मंगाए जाने की शिकायत मिली। जिलाधिकारी ने स्वरूपरानी चिकित्सालय के सभी ब्लाकों एवं जनपद के सभी प्रमुख चिकित्सालयों एवं सीएचसी, पीएचसी पर भी शिकायत व सुझाव पेटी रखे जाने एवं उसकी चाभी को सुरक्षित रखे जाने व प्रत्येक 15 दिन पर उच्च अधिकारियों की उपस्थिति में शिकायत पेटी को खोलकर सुझावों एवं शिकायतों पर प्रभावी एवं उचित कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए है।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित चिकित्सकों को लेकर नाराजगी जताई और प्रिंसिपल एवं सम्बंधित विभागाध्यक्षों को चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निरीक्षण के समय अनुपस्थित चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के एक दिन का वेतन रोके जाने एवं उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने सख्त हिदायत देते हुए कहा है कि अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने वाले चिकित्सकों के विरूद्ध उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जायेगी।