इलाहाबाद। रविवार को कटरा का राम दल हाथी, घोड़े, पताका, बैंडबाजा और आकर्षक चौकियों की चकाचौंध के बीच राजसी ठाट से निकला। भाइयों समेत भगवान श्रीराम के दर्शन को लोगों की भीड़ उमड़ी। श्री कटरा रामलीला कमेटी की ओर से कर्नलगंज स्थित भारद्वाज आश्रम से आरंभ रामदल की अगुवाई रामभक्त हनुमान ने की। सबसे पीछे हाथी पर चांदी के हौदे पर भगवान राम भाइयों समेत विराजमान थे।
दल कटरा पानी टंकी, नया कटरा, जगराम चौराहा, कचहरी रोड होते हुए पुन: कटरा चौराहा होकर मनमोहन पार्क से रामवाटिका पहुंचकर पूरा हुआ। पूरे रास्ते जगह-जगह आरती पूजा हुई। सड़क के दोनों किनारे लगी खाने-पीने, गुब्बारे, खिलौनों की दुकानों पर लोग जुटे। दल में विधायक अनुग्रह नारायण सिंह, अश्विनी केसरवानी, गोपाल बाबू जायसवाल, मोहन लाल अग्रवाल, शंकरलाल चौरसिया, मयंक अग्रवाल, सुधीर कुमार गुप्ता, राकेश चौरसिया, विनोद, महेश चंद्रगुप्ता, सुजीत तिवारी, दिलीप चौरसिया आदि शामिल थे। आरंभ में मंडलायुक्त राजन शुक्ला सांसद केशव प्रसाद मौर्य ने आरती उतारी। मेला क्षेत्र में देर रात तक चहलपहल रही।
पजावा का रामदल आज
पजावा रामलीला कमेटी की ओर से रामदल नवरात्र की नवमी सोमवार को पत्थर के शिवाला से निकलेगा। मीडिया प्रभारी श्यामजी अग्रवाल के मुताबिक पजावा रामलीला मैदान अतरसुइया पर मेघनाद वध के बाद भगवान राम की सवारी कल्याणी देवी मंदिर दर्शन के लिए जाएगी।