इलाहाबाद से दिल्ली जाने वाली दूरंतो एक्सप्रेस का इंजन मंगलवार रात ट्रेन रवाना होने के कुछ देर बाद खराब हो गया। इसकी वजह से ट्रेन चौफटका के पास करीब एक घंटे खड़ी रही। बाद में जंक्शन से दूसरा इंजन भेजा गया, जिसे जोड़ने के बाद ट्रेन आधी रात दिल्ली के लिए रवाना हुई।
दूरंतो एक्सप्रेस जंक्शन के छूटने के बाद रात 11.12 बजे चौफटका पहुंची। इस बीच उसका इंजन अचानक फेल हो गया और ट्रेन बीच रास्ते खड़ी हो गई। ट्रेन में मौजूद ड्राइवर और तकनीकी कर्मियों ने इंजन चालू करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही अफसरों में हड़कंप मच गया। इंजन दुरुस्त न हो पाने का पता चलने पर आननफानन में दूसरा इंजन भेजा गया। उसे खराब इंजन के आगे जोड़ा गया। इस बीच ट्रेन करीब घंटे भर खड़ी रही। बीच रास्ते ट्रेन के रुकने पर यात्री भी परेशान रहे। इंजन जुड़ने के बाद रात 12.10 बजे ट्रेन दिल्ली के लिए रवाना हुई।