महाकुंभ के पहले घाटों पर की जा रही बैरिकेडिंग।
- फोटो : अमर उजाला।
महाकुंभ मेला क्षेत्र के सेक्टर-13 में बने स्नान घाट को कटान के कारण प्रशासन ने बंद करा दिया है। ऐसे में देश के विभिन्न हिस्सों से कल्पवास के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं में रोष है। इसे लेकर रविवार को सेक्टर कार्यालय पर कल्पवासियों व तीर्थ पुरोहितों ने प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि अब उन्हें गंगा स्नान के लिए तीन किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ेगी। ऐसे में दूरदराज के क्षेत्रों से पहुंचे बुजुर्गों के लिए कल्पवास में गंगा स्नान मुश्किल हो जाएगा।
मेला प्रशासन की ओर से लाखों की लागत से सेक्टर-13 में स्नान घाट का निर्माण किया गया है। इसी सेक्टर में तीर्थ पुरोहितों को भूमि उपलब्ध कराई गई है, जिस पर सैकड़ों की संख्या में कल्पवासी पहुंच चुके हैं, लेकिन स्नान से पहले ही घाट में कटान शुरू हो गया। इस कारण खतरे को देखते हुए मेला प्रशासन की ओर से इसकी बैरिकेडिंग कर दी गई है। अब कल्पवासियों को गंगा स्नान की चिंता सताने लगी है। मध्यप्रदेश से कल्पवास के लिए पहुंचे आरएस द्विवेदी का कहना है कि सैकड़ों किलोमीटर की दूरी तय कर वो महाकुंभ क्षेत्र में पहुंचे है, लेकिन सेक्टर-13 के घाट को बंद कर दिया गया।
वहीं सेक्टर-12 और सेक्टर-14 में भी स्नान घाट की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में उन्हें स्नान के लिए तीन से चार किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ेगी। बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए यह संभव नहीं हो सकेगा। इस संबंध में मेलाधिकारी विजय किरन आनंद का कहना है कि सेक्टर-13 में कटाव के कारण फिलहाल घाट को बंद कराया गया है। जल्द ही इसकी वैकल्पिक व्यवस्था कराई जाएगी। कल्पवासियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा।