कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट में सतर्कता बढ़ा दी गई है। सोमवार को यहां पहुंचने वाले आठ हजार से अधिक लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग हुई। इसमें दर्जन भर से अधिक लोगों को तेज बुखार होने पर तुरंत चिकित्सकीय टीम के पास रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने ऐसे लोगों की पूरी जांच की और सलाह देकर घर भेज दिया। उन्हें घर में दो हफ्ते तक घर में अलग रहने को कहा गया है।
हाईकोर्ट में प्रवेश करने वाले लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग के लिए स्वास्थ्य विभाग ने छह टीमें लगाई थीं। साथ ही परिसर के पांच प्रवेशद्वारों पर पर इंफ्रारेड थर्मामीटर स्क्रीनिंग मशीन लगाई गईं थीं। स्वास्थ्य विभाग के नोडल ऑफिसर एवं एसीएमओ डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि स्कैनिंग के दौरान दर्जन भर से अधिक लोगों में बुखार तेज होने पर उन्हें तुरंत हाईकोर्ट स्थित डिस्पेंसरी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने टीम ने उनकी जांच की और उनमें सामान्य बुखार के लक्षण देख दो हफ्ते तक घर में सब लोगों से अलग रहने की सलाह दी गई।
कहा गया कि वह बाहर न निकलें और साफ-सफाई के साथ रहें। एसीएमओ ने बताया मंगलवार से एक टीम और बढ़ाई जाएगी, जोकि महाधिवक्ता कार्यालय में आने-जाने वाले लोगों की स्क्रीनिंग करेगी। जरूरत पड़ने पर टीमों की संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था फिलहाल दो हफ्ते के लिए की गई है। हाईकोर्ट में प्रवेश करने वाले सभी लोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी।