मेडिकल कॉलेज में वैक्सीनेशन के दौरान जमकर हंगामा हुआ। नशे में धुत युवक ने न सिर्फ डॉक्टरों बल्कि तीमारदारों से भी अभद्रता की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। साथ ही आरोपी को हिरासत में ले लिया। दोपहर बाद डॉक्टर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, रोज की तरह शुक्रवार को भी मेडिकल कॉलेज स्थित सेंटर में वैक्सीनेशन का काम चल रहा था। इसी दौरान वहां कीडगंज निवासी राकेश कुमार पहुंचा। आरोप है कि वैक्सीनेशन का काम चल ही रहा था कि उसने हंगामा शुरू कर दिया। वैक्सीन लगाने में देरी का आरोप लगाते हुए डॉक्टरों से ही भिड़ गया। जिसका विरोध करने पर अभद्रता की। आरोप है कि वह नशे में धुत था। सूचना पर पुलिस पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। जिसके बाद वैक्सीनेशन सेंटर के इंचार्ज डॉ. उत्सव की ओर से थाने में तहरीर दी गई। इंस्पेक्टर शिशुपाल शर्मा ने बताया कि सरकारी काम में बाधा पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कीडगंज पुलिस ने दो लुटेरों को किया गिरफ्तार
प्रयागराज। कीडगंज पुलिस ने शुक्रवार को लूट एवं छिनैती करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों बुधवार को शुभ्रा मुखर्जी से पर्स एवं मोबाइल छीनकर भाग निकले थे। पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू की तो सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दोनेां की तस्वीर नजर आई। जिसके सहारे उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें मो. अकिब एवं मो. आबिद निवासीगण रानीमंडी अतरसुइया शामिल हैं। अभियुक्तों के पास से एक मोबाइल, एक लेडीज पर्स, घटना में प्रयुक्त बाइक एवं चार बम बरामद किया गया है।