पीएम आवास योजना से भी उम्मीदें
नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण की योजना है। अभी तक 60 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। जांच प्रक्रिया जारी है। अनुमान है कि करीब 30 हजार लोग पात्र पाए जा सकते हैं। 14 हजार आवेदनों की जांच में से सात हजार पात्र पाए गए हैं।
बीते साल 26,437 पात्र लोगों को आवास मुहैया कराए गए थे, जिससे उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं। डूडा की परियोजना निदेशक प्रतिभा श्रीवास्तव का कहना है कि अभी तक 60 हजार आए हैं। यह संख्या बढ़ भी सकती हैं। इसमें 14 हजार आवेदनों की जांच में 50 प्रतिशत पात्र पाए गए हैं। शेष की जांच कराई जा रही हैं। जितने पात्र मिलेंगे उतनी संख्या में डूडा आवास मुहैया कराएगा।
आवास विकास परिषद और ग्राम पंचायत की भूमिका
आवास विकास परिषद भी नैनी क्षेत्र में नई प्लॉटिंग योजना पर कार्य कर रहा है। जिससे करीब दो हजार परिवारों को आवासीय प्लॉट मिल सकते हैं। पीएम व सीएम आवास योजना के तहत 16 से 20 हजार आवासों मिलने की संभावना है। जिला पंचायत राज अधिकारी रविशंकर द्विवेदी का कहना है कि ग्राम पंचायतों के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजनाओं के तहत आवास दिए जाते हैं। संख्या का स्पष्ट डाटा सूची देखने के बाद ही पता चलेगा। लेकिन, यह स्पष्ट है कि बड़े पैमाने पर गरीबों को आवास मुहैया कराए जाने की तैयारी है।