नगर निगम ने बरसात से पहले ही नालों की सफाई करने का दावा किया था। सोमवार को हुई बारिश ने दावों को खोखला साबित कर दिया। नाले और नालियां जाम होने से कम बारिश में ही शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। गड्ढे दिखाई नहीं देने से कई जगह बाइक सवार गिरकर घायल हो गए।
सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर, मेडिकल चौराहा, अतरसुइया, प्रीतमनगर, जॉर्जटाउन, राजापुर, म्योर रोड मुख्य सड़क लूकरगंज समेत शहर के कई क्षेत्रों में सड़कें पानी में डूब गईं। जिन स्थानों पर सड़क और सीवर से जुड़े विकास कार्य चल रहे हैं, वहां हालात अधिक खराब हो गए।
जलभराव के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम लगातार नालों की सफाई और बेहतर जल निकासी व्यवस्था का दावा करता रहा है, लेकिन हल्की बारिश में ही शहर के कई हिस्सों में पानी भर जाना इन दावों पर सवाल खड़े करता है।
जहां सड़क-सीवर का काम चल रहा है, वहां जलभराव से हालात और खराब हो गए हैं। पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। - रोशन कुमार, राजापुर
बारिश का पानी भरने से सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे। बाइक सवार फिसलकर गिर गए। हर साल यही स्थिति बनती है। स्थायी समाधान नहीं हो रहा है।- विकास कुमार, राहगीर
शहर में जिन-जिन स्थानों पर जलभराव की समस्या हुई है, वहां मोटर लगाकर पानी निकालने का कार्य कराया जा रहा है। नाली और सीवर निर्माण से जुड़े अधिकतर कार्य पूरे हो चुके हैं। कुछ स्थानों पर अभी काम जारी है। जिन क्षेत्रों से जलभराव या अन्य समस्याओं की शिकायतें आ रही हैं, वहां नगर निगम की टीमें तत्काल पहुंचकर समस्या के समाधान में जुटी हैं। -शदाब असलम, अपर नगर आयुक्त