सीबीएसई की ओर से घोषित बारहवीं के परिणाम में एक बार फिर से नैनी क्षेत्र के दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) की छात्रा दिव्यांशी ओझा ने 485 अर्थात 97 फीसदी अंकों के साथ केसाथ जिले में पहला स्थान हासिल किया है। दिव्यांशी ने गत वर्ष की टॉपर केंद्रीय विद्यालय ओल्ड कैंट की वानी एवं टैगोर पब्लिक स्कूल की वेदिका अग्रवाल के बराबर 97 फीसदी अंक मिले। जिले के 44 स्कूलों का परिणाम 81.97 फीसदी रहा, छात्रों का रिजल्ट 79.39 फीसदी एवं छात्राओं का रिजल्ट 86.42 फीसदी रहा। छात्राओं का रिजल्ट एक बार फिर छात्रों पर भारी पड़ा, यह 7.13 फीसदी अधिक रहा।
जिले में दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से तीन विद्यार्थी रहे, इसमें जवाहर नवोदय विद्यालय मेजा के छात्र अनुज केसरवानी, सेंट्रल एकेडमी झूंसी के दो छात्रों प्रशांत उपाध्याय एवं अभिषेक सिंह ने 483 अंकों अर्थात 96.6 फीसदी रहे। इस प्रकार पहले दो स्थानों पर शहर के बाहर स्थित नैनी, मेजा और झूंसी के छात्रों का कब्जा रहा। इसी प्रकार नैनी के ही बेथनी कान्वेंट स्कूल के छात्र शुभम आनंद 480 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे, चौथे स्थान पर तीन छात्र रहे, इसमें केंद्रीय विद्यालय इफको फूलपुर के छात्र सार्थक प्रकाश को 478 अंक, केंद्रीय विद्यालय मनौरी के छात्र प्रियांशु सिंह को 478 अंक, टैगोर पब्लिक स्कूल के छात्र प्रत्यूष रंजन को 478 अंक मिले। पांचवे स्थान पर केंद्रीय विद्यालय ओल्ड कैंट के छात्र उत्कर्ष मिश्र 477 अंकों के साथ रहे जबकि छठें स्थान पर ऐशिता केसरवानी 476 अंक रहीं।
सीबीएसई की ओर से जारी बारहवीं के परिणाम में लगातार टॉपर देने वाले कई स्कूल टॉपर की सूची से गायब हैं। कुछ नए स्कूल टॉपर देने वालों की सूची में जगह बनाने में काययाब रहे। दिल्ली पब्लिक स्कूल की छात्रा ने पहली बार मेरिट में जगह बनाकर जहां अपनी उपस्थिति दर्ज कराई तो जवाहर नवोदय विद्यालय मेजा के छात्र ने अरसे बाद मेरिट में कब्जा जमाया है। शहर के कई स्कूल मेरिट में जगह नहीं पाकर मायूस रहे।