कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे तथा लाकडाउन की वजह से स्कूलों में जल्द पढ़ाई शुरू होने की उम्मीद नहीं है। ऐसे में ऑनलाइन के साथ दूरदर्शन पर भी पढ़ाई शुरू करने की तैयारी है। मदरसा बोर्ड के अफसरों की बैठक में दूरदर्शन के क्षेत्रीय चैनल पर पढ़ाई का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
यह व्यवस्था अन्य बोर्ड के विद्यार्थियों पर भी लागू होने की बात की जा रही है। हालांकि, इस पर सरकार को निर्णय लेना है। मदरसों में ऑनलाइन पढ़ाई की योजना के तहत मदरसों के साथ शिक्षकों और विद्यार्थियो का विवरण भी मांगा गया है।
लेकिन, संसाधनों की कमी की वजह से इस योजना की सफलता में रोड़ा अटक सकता है। कई मदरसों के प्रबंधन ने भी ऑनलाइन पढ़ाई की व्यावहारिकता पर सवाल उठाया है। मदरसा बोर्ड के अफसरों की बैठक में ऑनलाइन के साथ दूरदर्शन के क्षेत्रीय चैनल पर पढ़ाई के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी शिव प्रकाश तिवारी का कहना है कि इसका प्रस्ताव भेजा गया है लेकिन अब तक इस बारे में कोई निर्णय नहीं हुआ है। शासन के निर्देशानुसार कार्य किया जाएगा। ऑनलाइन पढ़ाई के लिए विद्यार्थियों के मोबाइल नंबर समेत अन्य विवरण मंगलवार तक मांगे गए हैं।