जिला कारागार प्रतापगढ़ में मोबाइल से सेल्फी लेकर बंदी द्वारा फेसबुक पर अपलोड करने की खबर से खलबली मच गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार को प्रतापगढ़ के जिला जज, डीएम और एसपी ने जेल में छापा मारकर तलाशी ली। हालांकि पहले से हलचल मची होने की वजह से कुछ मिला नहीं। बंदी के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। इस खबर के बाद नैनी सेंट्रल जेल में भी बैरकों को खंगाला गया। कैदियों तथा मुलाकातियों की सघन तलाशी ली गई।
दहिलामऊ प्रतापगढ़ निवासी राहुल तिवारी ट्रक लूट के मामले में जिला कारागार में बंद है। बुधवार रात उसने जेल में मोबाइल से खींची अपनी कई सेल्फी फेसबुक पर अपनी प्रोफाइल में पोस्ट की। ये पोस्ट वायरल होने पर जेल और पुलिस अफसर भी सन्न रह गए। बृहस्पतिवार को जेल अधीक्षक आरके त्रिपाठी ने तलाशी कराई लेकिन राहुल के पास मोबाइल नहीं मिला। फिर जेलर की तरफ से थाने में बंदी राहुल के खिलाफ केस दर्ज कर दिया गया। जेल में मोबाइल की मौजूदगी को गंभीरता से लेते हुए गुरूवार रात तथ ाशुक्रवार दोपहर जिला जज, डीएम और एसपी ने जेल में छापा मारकर तलाशी ली। मगर पहले ही तलाशी हो चुकी थी इसलिए बंदियों के पास मोबाइल या कुछ और नहीं मिला। इस प्रकरण के बाद इलाहाबाद में भी शुक्रवार को जेल प्रशासन ने सभी बैरकों के साथ ही कैदियों की भी तलाशी कराई।