इलाहाबाद हाईकोर्ट ने संभल स्थित एसएम डिग्री कॉलेज के प्रधानाचार्य और श्याम सुंदर मेमोरियल कॉलेज सोसाइटी के बीच भूमि के हस्तांतरण को लेकर लंबे समय से चल रही खींचतान की जांच मुरादाबाद के मंडलायुक्त को सौंपी है। कोर्ट ने 15 जुलाई तक रिपोर्ट पेश कर यह बताने का आदेश दिया है कि विवाद के कारण विद्यालय के शैक्षणिक माहौल पर क्या प्रभाव पड़ रहा है।
यह आदेश न्यायमूर्ति विनोद दिवाकर की एकल पीठ ने श्याम सुंदर मेमोरियल कॉलेज सोसाइटी की याचिका पर दिया है। याचिका में संभल डीएम के दो अप्रैल 2025 के उस आदेश को चुनौती दी गई है, जिसमें सोसाइटी की जमीन के अनधिकृत हस्तांतरण के आरोप लगाए गए हैं।
कोर्ट ने एसएम डिग्री कॉलेज के प्रधानाचार्य को प्रतिवादी के रूप में जोड़ने की इजाजत दी है। साथ ही मंडलायुक्त को निर्देश दिया हैं कि वे विश्वविद्यालय, जिला प्रशासन, कॉलेज प्रबंधन, प्राचार्य, शिक्षक, छात्राओं और सोसाइटी के सदस्यों का पक्ष सुनें। साथ ही, सभी लंबित और निस्तारित मुकदमों का गहन परीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करें कि संस्थान के हित में विवाद का स्थायी समाधान कैसे हो। कोर्ट ने जांच रिपोर्ट 14 जुलाई तक हर हाल में पेश करने का आदेश देते हुए मामले की अगली सुनवाई 15 जुलाई नियत की है।