फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बधाइयों के बीच बांटीं क्रिसमस की खुशियां

Mon, 26 Dec 2016 01:05 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
प्रभु यीशु के आगमन पर खुशियों में डूबे गिरजाघरों में रविवार को उत्सव का उल्लास उमड़ा। प्रभु का आशीष सहेजने के साथ ही गिरजाघरों में हुई विशेष प्रार्थना सभाओं में देश में अमन-चैन कायम रखने सहित देश की रक्षा के लिए सीमा पर तैनात सैनिकों के लिए भी दुआएं मांगीं गईं। प्रार्थना की गई कि आपसी प्रेम और विश्वास बना रहे। दुनिया से शैतानी ताकतें खत्म हों और शांति, सद्भाव बढ़े। जमुना चर्च,  लाल गिरजाघर, सेंट पीटर्स, कटरा चर्च, होली ट्रिनिटी चर्च, सेंट पॉल चर्च, चौक चर्च, बाइबिल सोसाइटी आदि में भी पर्व पर विशेष प्रार्थना हुई। लोगों ने एक-दूसरे को क्रिसमस की बधाइयां दीं। मेरी क्रिसमस से चर्च गूंजते रहे। 
विज्ञापन


ऑल सेंट्स कैथिड्रल में हुई विशेष प्रार्थना में बिशप डा.पीटर बलदेव ने देश की सीमा पर तैनात सैनिकों के लिए प्रार्थना की। कहा, यीशु का आना आनंद और उत्साह देने वाला है। बुराइयों और घृणा को समाप्त करने के लिए ही यीशु ने जन्म लिया। उनका आना पूरी मानवता के लिए सुखदायी है। पूर्व बिशप एआर स्टीफेन ने क्रिसमस की प्रार्थना कराई। पल्ली पुरोहित रेव्हरेंड गेब्रिएल दाउद ने ऑल्टर पर जुटे मसीहियों को ब्रेड और दाखरस देने के बाद आशीर्वचन में समृद्धि, सुख-शांति की कामना की।

 सेंट जोसेफ कैथिड्रल में रेव्हरेंड फादर रॉल्फी डिसूजा ने विशेष प्रार्थना कराई। राष्ट्र में प्रेम, सद्भाव बढ़ने की कामना के साथ उन्होंने सभी को क्रिसमस और नए साल के लिए बधाई दी। कहा, दुखी मानवता के उद्धार की खातिर परमेश्वर ने अपने पुत्र को धरती पर भेजा है। उसके बताए मार्ग पर चलकर ही शांति मिलेगी। बाइबिल के प्रमुख अंश पढ़ने के बाद जरूरतमंदों के लिए आफॅरिंग भी की गई जिसमें लोगों ने स्वेच्छा से दान किया। 
विज्ञापन


ऑल सेंट्स कैथिड्रल में कैंडल जलाकर मुरादें मांगने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। गिरजाघर परिसर में सुबह से ही लोगों का जुटना जारी रहा। चर्च के गेट पर कैंडल की दुकानें लगीं। कैंडल जलाने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। वहीं बिजली की रंग-बिरंगी रोशनी से गिरजाघर जगमगाते रहे।

क्रिसमस पर शांतिपुरम, फाफामऊ स्थित महाबोधि पब्लिक स्कूल के बच्चों ने सेंटाक्लॉज संग खुशियां बांटी। प्रबंधक प्रियेश कुमार सिंह की देखरेख में हुए कार्यक्रम में मधु सिंह समेत स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मौजूदगी दर्ज कराई। मौन्ट्राज फाउंडेशन ने  सिविल लाइंस में कमजोर, असहाय बच्चों के साथ क्रिसमस मनाया। अध्यक्ष विशाल मौन्ट्राज की अगुवाई में पास्टार बाबादान, सुरेंद्र सिंह, शिवानी आदि ने बच्चों को उपहार बांटे।

ऑल सेंट्स कैथिड्रल और सेंट जोसेफ कैथिड्रल सहित सभी गिरजाघरों के करीब मेला लगा जहां उत्सव का आनंद सहेजने के लिए मसीहियों के साथ ही बड़ी संख्या में गैर मसीही भी जुटे। मेले के माहौल में सेंटा क्लॉज ने बच्चों के बीच उपहार बांटे। चर्च के करीब बच्चों के खेल-खिलौनों के अतिरिक्त स्टार, सेंटा ड्रेस. क्रास, सलीब, क्रिसमस ट्री सहित अन्य सजावटी सामानों और खाने-पीने की चीजों की दुकानें पटरियों पर सजी रहीं। ऑल सेंट्स कैथिड्रल के चारों ओर के रास्ते प्रतिबंधित कर दिए गए थे। सर्द रात की परवाह किए बगैर लोगों की ऐसी भीड़ जुटी कि पैदल चलना भी मुहाल रहा। बड़ी संख्या में गैर मसीहियों ने भी पर्व की खुशियां सहेजीं।

रोमन कैथोलिक के इलाहाबाद धर्मप्रांत की ओर से सेंट जोसेफ कालेज मैदान पर आयोजित तीन दिवसीय क्रिसमस मेला रविवार से शुरू हुआ। सेंट जोसेफ कालेज जूनियर सेक्शन, सेंट जोसेफ नैनी के बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियां मुग्ध करती रहीं। नाजरेथ की नर्सों ने भ्रष्टाचार को समाप्त करने का संदेश देने वाली नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। क्रिसमस मेले में बाउंसी, काररेस, फिश व्हील, चरखी और झूलों ने लुभाया। इतना ही नहीं मेले में खाने-पीने के भी कई प्रकार के स्टाल लगाए गए थे। 

ऊंट की सवारी का मजा लेने में बच्चों के संग बुजुर्ग भी शामिल रहे। मेले में पहली बार अन्य प्रांतों के स्टाल भी लगे। यहां खरीददारी को महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। प्रभु यीशु के जन्म से संबंधित दृश्यावलियों की आकर्षक झांकि.यां सजाई गई थीं। इसमें यीशु के जीवन प्रसंगों सहित बाइबिल के कई संस्करण भी शामिल थे। मेले में लकी ड्रा निकाले गए। बतौर मुख्य अतिथि रंजना बाजपेयी ने सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं। संयोजक फादर रॉल्फी डिसूजा, पल्ली पुरोहित फ्रांसिस जेवियर, फादर लियो समेत कई स्कूलों के  शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी शामिल हुए। मेले का समापन 27 दिसंबर  को होगा।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें