मध्य प्रदेश की पुलिस की दबिश से परेशान जानवी पुरम लोकपुर में एक युवक ने फंदे से गला कसकर अपनी जान दे दी। पुलिस को कमरे से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। जिसमें पूरा वाकया लिखा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
ग्राम गाघा थाना कोरांव निवासी अंशुमान प्रताप सिंह (20) पुत्र राजेश्वरी प्रसाद सिंह फिलहाल जानवीपुरम लोकपुर नैनी में रहता था। इंस्टाग्राम के माध्यम से एक किशोरी से उसकी दोस्ती हो गई थी। सागर (मध्य प्रदेश) जाकर वह लड़की से अक्सर मिलता था। लड़की ने अंशुमान को 15 लाख रुपया और सोने चांदी का जेवर रखने के लिए दिया था। आरोप है कि जब लड़की ने अपना पैसा और गहना मांगा तो अंशुमान ने देने से इनकार कर दिया।
इस बात की जानकारी जब लड़की के घर वालों को हुई तो बालकृष्ण पुत्र नाथूराम ने थाना खुरई जिला सागर मध्य प्रदेश में शिकायत की थी। मामले की जांच के लिए पिछले बृहस्पतिवार की रात थाना खुरई के हेड कांस्टेबल भुजबल सिंह किशोरी के परिजनों के साथ अंशुमान प्रताप सिंह के घर आए थे। पुलिस को देखकर अंशुमान छिप गया था। फिर आने की बात कहकर पुलिस लौट गई।
इससे अंशुमान भयभीत हो गया। मां श्याम कुमारी और पिता राजेश्वरी प्रसाद सिंह रात में कमरे में सोने के लिए चले गए थे। उसके बाद अंशुमान ने रात्रि में अपने कमरे में साड़ी के फंदे से झूल गया। सुबह घर वालों ने शव को लटकता देखा तो कोहराम मच गया। सूचना पर नैनी पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम पहुंची और जांच पड़ताल करने वापस आ गई। एसीपी करछना सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मौके से सुसाइड नोट मिला है। मामले की जांच की जा रही है।