जिले के सिंचाई और जल संसाधन विभाग में करीब दो साल से तकरीबन 2.41 करोड़ रुपये डंप हैं, लेकिन अफसरों ने अभी तक धनराशि खर्च करने की कोई योजना नहीं बनाई है। प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के तहत यह धनराशि मिली हुई थी।
चालू वित्तीय वर्ष में कुछ विभागों में अफसर बजट नहीं होने का रोना रो रहे हैं, लेकिन सिंचाई और जलसंसाधन विभाग ऐसे हैं, जिसमें करोड़ों रुपये डंप है, मगर विभाग कोई कार्य नहीं करा रहा है। प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के तहत सिंचाई और जलसंसाधन विभाग को करीब 2.41 करोड़ रुपये दिए गए थे।
इन रुपयों से जिले में बरसात के पानी को रोकने के लिए चेकडैम और तालाबों की खुदाई करना था। लेकिन दो वर्ष से अधिक का समय बीतने के बाद भी विभागीय अफसर रुपये नहीं खर्च कर पा रहे हैं। बताया जाता है कि भूमि संरक्षण अधिकारी की जिम्मेदारी इलाहाबाद के अधिकारी को अतिरिक्त प्रभार के रूप में दी गई है। वह सप्ताह में एक दिन ही आते हैं। लेखाकार भी गायब है। इससे विभागीय अधिकारी अभी तक रुपये का सदुपयोग करने की कोई योजना नहीं बना पाए हैं।
विभाग का अतिरिक्त प्रभार देख रहे भूमि संरक्षण अधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि उन्हें प्रभार लिए करीब आठ माह ही हुए हैं, जल्द ही नए अधिकारी की तैनाती होने वाली है। इसके बाद सब कुछ ठीक हो जाएगा।