पत्रकारों से बात करतीं केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति।
- फोटो : अमर उजाला
इंडिया थिंक कौंसिल के तत्वावधान में बुधवार को प्रयाग संगीत समिति में ‘डिजिटल इंडिया में शासन’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि डिजिटलाइजेशन से भ्रष्टाचार में कमी आएगी और अपराध पर भी लगाम लगेगा। उन्होंने महाभारत के युद्ध का हवाला दिया। कहा कि इसका सजीव वर्णन किया गया जो कि डिजिटलाइजेशन का बड़ा उदाहरण है।
कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे ट्रिपलआईटी के निदेशक प्रो. जीसी नंदी ने डिजिटलाइजेशन को संचार क्रांति बताया। कहा कि इससे शासन की सुविधाएं आम लोगों को आसानी से मिल सकेंगी। लोगों को रेलवे स्टेशनों पर लंबी लाइन नहीं लगानी पड़ेगी। देश के एक छोर से दूसरे छोर तक बैंकों के माध्यम से पैसे का लेन-देन होने लगा है। इसी वजह से आज पूरी दुनिया में भारत की पहचान आधुनिक एवं प्रगतिशील राष्ट्र के रूप में होने लगी है। एमएनएनआईटी के निदेशक प्रो. राजीव त्रिपाठी ने इसे सशक्त माध्यम बताया।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रकाश शर्मा ने कहा कि यह आधुनिकतम युग में ले जाने का सशक्त प्रयास है। एडिशनल सॉलिसीटर जनरल अशोक मेहता, न्यायविद कामेश शुक्ला, डॉ. मिलन मुखर्जी, राज्यपाल के विधिक सलाहकार नीरज त्रिपाठी, विजय सोनकर शास्त्री आदि ने अपनी बात रखी। अध्यक्षता दिव्य प्रेम सेवा मिशन के संस्थापक आशीष गौतम ने की जबकि धन्यवाद ज्ञापन संदीप मिश्रा ने दिया। कार्यक्रम संयोजक संदीप मिश्रा, सौरभ पांडेय, अरविंद नारायण मिश्रा, आरके ओझा, मनोज, डॉ. मुरारजी त्रिपाठी, हिमांशु आदि मौजूद रहे।