स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में जल्द ही किडनी के रोगियों को डायलिसिस में इस्तेमाल होने वाली दवाएं स्टोर से मिलने की संभावना है। इसको लेकर मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज की तरफ से तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए प्राचार्य डॉ. वीके पांडेय ने किडनी विभाग से दवाओं का प्रस्ताव मांगा है।
किडनी रोगियों की डायलिसिस के लिए बाहर से दवा लेने की मजबूरी का मुद्दा संवाद न्यूज एजेंसी ने प्रमुखता से उठाया था। इसे संज्ञान में लेते हुए प्राचार्य डॉ. वीके पांडेय ने डायलिसिस के कर्मचारियों के साथ बैठक करके दवाओं का ब्यौरा मांगा है।
प्रस्ताव उपलब्ध होने के बाद औषधि के लिए उपलब्ध होने वाले बजट में डायलिसिस में इस्तेमाल होने वाली दवाइयों को भी शामिल किया जाएगा। अगर सबकुछ ठीक रहा तो इस साल से मरीजों को अस्पताल के स्टोर से निशुल्क दवाएं मिलने लगेंगी।
डायलिसिस में इस्तेमाल होने वाली दवाएं मरीजों को अस्पताल के स्टोर से उपलब्ध कराने की तैयारी है। इसके लिए डायलिसिस कर्मचारियों के साथ बैठक करके प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है।
- डॉ. वीके पांडेय, प्राचार्य, एमएलएन मेडिकल कॉलेज