साजिश में पति भी था शामिल, हिरासत में लिया गया
मालिक व रिश्तेदार भी पकड़े गए, एक आरोपी की तलाश
प्रयागराज। धूमनगंज में एक दिन पहले हुए बेबी हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा हुआ। विरोधियों को फंसाने के लिए प्रॉपर्टी डीलर मालिक की ओर से उसकी हत्या कराई गई। खास बात यह कि इस साजिश में उसका पति भी शामिल था। पुलिस ने पति, मालिक समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। साथ ही गोली मारने वाले एक आरोपी की तलाश की जा रही है।
धूमनगंज के सिलना भीटी निवासी बेबी (40) की सोमवार शाम संदिग्ध हाल में गोली लगने से मौत हो गई थी। पति रईस का आरोप था कि मुंडेरा मंडी में बाइक से जाते वक्त ननकू व लाला ने सरेराह गोली मारकर उसकी हत्या की। ननकू व लाला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो मामले में उनकी संलिप्तता नहीं पाई गई। मामला इसलिए संदिग्ध लगा क्योंकि पति रईस व घटना के वक्त मौजूद उसके रिश्तेदार शहबान अलग-अलग बयान दे रहे थे। उधर, रईस के मालिक प्रॉपर्टी डीलर अशरफ की भूमिका भी मामले में संदिग्ध थी। पुलिस ने रात में ही तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
सख्ती से पूछताछ में रईस ने बताया कि वारदात मुंडेरा नहीं, बल्कि उसके मालिक प्रॉपर्टी डीलर अशरफ के हरवारा स्थित घर पर हुई। गोली लगने के बाद वह पत्नी को अस्पताल ले गया, जहां अशरफ के कहने के मुताबिक, पुलिस को मुंडेरा मंडी में हत्या होने की बात बताई। साथ ही मामले में ननकू व लाला का नाम लिया। धूमनगंज थाने में देर रात तक तीनों से पूछताछ की जाती रही। हालांकि पुलिस आधिकारिक रूप से कुछ कहने से बचती रही। इंस्पेक्टर का यही कहना था कि जांच पड़ताल की जा रही है।
प्रॉपर्टी डीलर के भाई ने चलाई थी गोली
सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए पति समेत तीनों संदिग्धों से पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि गोली अशरफ के भाई अतहर ने चलाई। रईस ने बताया कि वह नीचे था और उसकी पत्नी ऊपरी तल पर काम कर रही थी। इसी दौरान शहबान ने बताया कि बेबी को गोली लग गई है। वह ऊपर स्थित कमरे में पहुंचा तो वहां अशरफ व उसका भाई अतहर थे। गोली अतहर ने एयरगन से चलाई थी। वारदात के बाद अशरफ के कहने पर वह उसे पहले क्षेत्र में ही स्थित निजी अस्पताल ले गया।
वहां से रेफर करने के बाद उसे एसआरएन ले जाया गया। जहां अशरफ के कहने के मुताबिक, उसने पुलिस को झूठी कहानी बताई। पुलिस सूत्रों का कहना है कि प्रॉपर्टी डीलर के घर से घटना में प्रयुक्त एयरगन बरामद कर ली गई है। अतहर घर छोड़कर भागा हुआ है जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।