धूमनगंज में इफको अफसर की पत्नी से ठगी
प्रयागराज। धूमनगंज के प्रीतमनगर में ठग गिरोह ने पुलिसवाला बनकर इफको अफसर की पत्नी रंजना श्रीवास्तव के कीमती गहने उड़ा दिए। महिला की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इफको अफसर अनिल कुमार श्रीवास्तव भोला का पुरवा प्रीतम नगर में रहते हैं। उनकी पत्नी रंजना सोमवार दोपहर 12.30 बजे के करीब किसी काम से बाहर गई थीं। उन्होंने बताया कि घर लौटते वक्त ममता बेकरी चौराहे के पास उन्हें दो लोग मिले। उन्हाेंने खुद को पुलिसवाला बताकर कहा कि ऊपर से आदेश है कि जो भी महिलाएं जेवर पहने दिखें, उनसे कहा जाए कि वह उन्हें उतारकर अपने बैग या पर्स में रख लें। इसके बाद उनसे भी सोने का कड़ा, चूड़ी चेन व अंगूठी उतरवाकर एक कागज में लपेट दिया। फिर दस्तखत कर इसे उन्हें सौंप दिया। इसके बाद दोनों चले गए। कुछ देर बाद उन्होंने कागज खोलकर देखा तो उसमें सामान बदला हुआ था। तब उन्हें अहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हुई है। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस का कहना है कि फिलहाल अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।