इलाहाबाद (ब्यूरो)। दस दिवसीय गणेश महोत्सव के आठवें दिन बृहस्पतिवार को विघभनहर्ता गणपति की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना की गई। सुबह से लेकर शाम तक भक्त शीश नवाने के लिए पहुंचते रहे। सांस्कृतिक संध्या में भजन कीर्तन की प्रस्तुति हुई। जयकारों से पूजा पंडाल गूंजते रहे।
महाराष्ट्र लोकसेवा मंडल की ओर से अलोपीबाग स्थित तिलक भवन में संगीत संध्या हुई। एक से बढ़कर एक गीतों, भजनों की प्रस्तुतियों ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष मिलिंद गोरे, उपाध्यक्ष विजय कुमार सातभाई, महामंत्री सतीश पुराणिक, मनोज केवकर, राजू गोखले, उदय सिंह, अनंत गोरे आदि मौजूद रहे। करैलाबाग कालोनी में आयोजित गणपति महोत्सव में आयोजक अखिलेश सहाय की देखरेख में घंटा, घड़ियाल शंखनाद के साथ भव्य आरती की गई। इसके बाद हरे कृष्ण भजन का आयोजन किया गया।
बादशाही मंडी स्थित बड़े गणेश मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा अर्चना हुई। पूजा में अवनीश शुक्ल, अंजनी कुमार मिश्र, सोमेश नारायण, पल्लवी, शिवांशी आदि मौजूद रहे। श्रीरुद्र हनुमान साईं धाम समिति की ओर से मनमोहन पार्क स्थित हनुमान मंदिर, श्री श्री गणेश पूजा कमेटी प्रीतमनगर, महाराष्ट्रीय तरुण मंडल की ओर से दारागंज स्थित उत्तराधिमठ, नवयुवक संघ गणेश पूजन समिति की ओर से मलाकराज रामबाग शिवपार्क, आजाद नगर साउथ मलाका स्थित गणेश पूजा महोत्सव, बाल एकता कमेटी नयापुरा करेली, न्यू महाराष्ट्र मंडल महाजनी टोला, भारत उदय सेवा संस्थान की ओर से नई बस्ती कीडगंज, दारागंज स्थित मोती महल गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना हुई।