बच्चों की मेहनत से तय
होगा शिक्षकों का भविष्य
लर्निंग आउटकम परीक्षा के अंकों से होगी स्कूल और शिक्षकों की ग्रेडिंग
बेसिक स्कूलों और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में परीक्षा आज
प्रयागराज। बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित परिषदीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के पांचवीं से आठवीं तक के छात्र-छात्राओं की शुक्रवार को लर्निंग आउटकम परीक्षा होगी। इसमें मिले अंकों के आधार पर स्कूल, शिक्षकों, ब्लॉक और जिले की ग्रेडिंग की जाएगी। परीक्षा ओएमआर के जरिए कराई जाएगी। विभाग की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई है।
ओएमआर के मूल्यांकन के बाद स्कूलों की ग्रेडिंग तय की जाएगी। पांचवीं कक्षा के औसत प्रतिशत अंकों के आधार पर प्राथमिक और कक्षा छह से आठ तक के औसत प्रतिशत प्राप्त अंकों के आधार पर पूर्व माध्यमिक विद्यालयों की ग्रेडिंग तय की जाएगी। सर्व शिक्षा अभियान और राज्य परियोजना निदेशक की ओर से जारी सूचना में कहा गया कि लर्निंग आउटकम परीक्षा के जरिए सरकार बच्चों की नहीं, बल्कि शिक्षकों का आउटपुट खोज रही है। बच्चों को मिले अंकों के आधार मात्र उनका ही नहीं, पूरे विद्यालय, ब्लाक और जिले की मार्किंग की जाएगी।
अधिकारियों की ओर से सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और प्रभारी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया कि यह तय करें कि परीक्षा में कोई बच्चा अनुपस्थित न हो। कम उपस्थिति पर प्रधानाध्यापक जिम्मेदार होंगे। बच्चों की संख्या जोड़कर पंजीकृत बच्चों से भाग देकर विद्यालय की श्रेणी निकाली जाएगी। अनुपस्थित बच्चे विद्यालय की श्रेणी को नीचे कर देंगे। ओएमआर का मूल्यांकन बीटीसी, डीएलएड प्रशिक्षु संबंधित विकास खंड के बीआरसी पर करेंगे।
35 प्रतिशत से कम आंक आए तो ई श्रेणी
80 से 100 प्रतिशत के बीच अंक पाने वाले को ग्रेड ए प्लस, 70 से 80 प्रतिशत अंक पाने वाले को ग्रेड ए, 60 से 70 प्रतिशत अंक पाने वाले को ग्रेड बी, 50 से 60 प्रतिशत अंक वाले को ग्रेड सी, 35 से 50 प्रतिशत अंक पाने वाले को ग्रेड डी एवं 35 प्रतिशत से कम अंक पाने वाले को ग्रेड ई दिया जाएगा। शिक्षकों को निर्देश दिया गया है कि प्रयास करें कि कमजोर बच्चा भी कम से कम 20 अंक लाए, नहीं तो विद्यालय ई-श्रेणी में चला जाएगा।
प्रश्नपत्र का प्रारूप
0 पांचवीं कक्षा-हिंदी, अंग्रेजी, गणित एवं विज्ञान विषय की परीक्षा होगी
0 छह, सात, आठ कक्षा- हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विषय की परीक्षा होगी
0 परीक्षा में कुल 50 सवाल होंगे, उसे दो घंटे में हल करना होगा।
0 परीक्षा में हर सवाल के चार विकल्प होंगे, ओएमआर में सही विकल्प भरना होगा।