जिला स्तरीय समिति के सिफारिश पर बदला केंद्र
एनटीए की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार भवन में बिजली की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। कंप्यूटर, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा निगरानी और अन्य व्यवस्थाओं के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति जरूरी होती है। निर्माण कार्य जारी होने के कारण परीक्षार्थियों के बैठने, आवाजाही और सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं थीं। इन परिस्थितियों में जिला स्तरीय समिति ने केंद्र बदलने की संस्तुति की जिसे एनटीए ने स्वीकार कर लिया।
केंद्र बदलने से बढ़ी अभ्यर्थियाें की दिक्कत
अचानक किए गए केंद्र परिवर्तन का सीधा असर अभ्यर्थियों पर पड़ा है। परीक्षा से केवल दो दिन पहले नई सूचना मिलने के कारण कई छात्रों को अपनी यात्रा और ठहरने की योजनाएं बदलनी पड़ीं। दूसरे जिलों और राज्यों से आने वाले अभ्यर्थियों को नए केंद्र का पता लगाने और वहां तक पहुंचने की व्यवस्था दोबारा करनी पड़ी। कई अभ्यर्थी पहले ही पुराने केंद्र का निरीक्षण कर चुके थे और उसी के अनुसार तैयारी कर रहे थे।
पुराना प्रवेश पत्र है तो भी दिक्कत नहीं
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों के पास पुराने केंद्र वाला प्रवेश पत्र है उन्हें भी सत्यापन के बाद नए केंद्र पर परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी। साथ ही संशोधित प्रवेश पत्र वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। एजेंसी ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे नवीनतम जानकारी के लिए नियमित रूप से वेबसाइट देखते रहें।
पिछली परीक्षा हरिवंश राय बच्चन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित की गई थी। पुनर्परीक्षा के लिए एनटीए से मिली केंद्रों की लिस्ट में यह सेंटर शामिल था। बाद में सूचना आई कि मौके पर निर्माण कार्य चल रहा है। स्टैटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट को मौके पर भेजकर जांच कराई गई। सूचना की पुष्टि होने पर एनटीए को परीक्षा केंद्र बदलने का प्रस्ताव भेजा गया। एनटीए ने प्रस्ताव मंजूर करते हुए केंद्र बदल दिया है। - मनीष कुमार वर्मा, जिलाधिकारी