फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रयागराज : बेली हास्पिटल में तैनात डिप्टी सीएमओ ने की खुदकुशी, होटल में फंदे से लटकता मिला शव

Mon, 24 Apr 2023 09:46 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

प्रयागराज में सिविल लाइंस स्थित एक होटल विट्ठल में डिप्टी सीएमओ ने सुसाइड कर लिया। उनका शव फंदे पर लटका मिला है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। 
विज्ञापन
Prayagraj News : डिप्टी सीएमओ डॉ. सुनील सिंह और उनकी पत्नी। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सिविल लाइंस स्थित होटल विट्ठल में सोमवार को डिप्टी सीएमओ सुनील कुमार सिंह (50) का शव फंदे से लटका मिला। वह जनपद में ही संचारी रोग विभाग के नोडल अधिकारी थे और एक दिन पहले ही होटल में आकर ठहरे थे। पुलिस परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर इसे खुदकुशी बता रही है। हालांकि पोस्टमार्टम में विसरा प्रिजर्व किया गया है। उधर, घरवालों ने इस मामले में चुप्पे साध रखी है।

विज्ञापन


डिप्टी सीएमओ सुनील पुत्र घनश्याम सिंह मूल रूप से पांडेयपुर, वाराणसी के रहने वालेे थे। वह अगस्त 2022 से प्रयागराज में तैनात थे। वह रोजाना कार से वाराणसी से आया-जाया करते थे। कभी-कभी काम अधिक होने पर सिविल लाइंस स्थित होटल विट्ठल में रुकते थे। रविवार को भी वह शाम चार बजे के करीब वाराणसी से आकर होटल में ठहरे। सोमवार सुबह आठ बजे के करीब उनकी पत्नी अलका सिंह ने ड्राइवर सतीश सिंह को फाेन किया। बताया कि उन्होंने कई बार कॉल किया, लेकिन उसके साहब फोन नहीं उठा रहे हैं।


 

डिप्टी सीएमओ डॉ.एसके सिंह की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर जुटे परिजन। - फोटो : अमर उजाला।
रोशनदान से झांका तो शव फंदे से लटकता दिखा

पुलिस के मुताबिक, ड्राइवर होटल में गया तो दरवाजा भीतर से बंद मिला। कई बार पुकारने के बाद भी जवाब नहीं मिला तो होटल कर्मचारियों को बताया। काफी कोशिश के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो कर्मचारियों ने दरवाजे के ऊपर लगे रोशनदान से भीतर झांका। इस दौरान डिप्टी सीएमओ फंदे पर लटके दिखाई दिए। सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस पहुंच गई। फिर उन्हें फंदेे से उतारा गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। जानकारी पर शहर में ही रहने वाले कुछ रिश्तेदार भी आ गए। इसके बाद घरवालों को सूचना देकर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

डिप्टी सीएमओ डॉ.एसके सिंह की मौत के बाद जांच के लिए मौके पर पहुंचे अधिकारी। । - फोटो : अमर उजाला।
पुलिस बोली- दरवाजा तोड़कर फंदे से उतारा
 
पुलिस का दावा है कि रिश्तेदारों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारा गया। कमरे में भीतर जाने का अन्य कोई रास्ता नहीं है। शरीर पर कोई चोट के भी निशान नहीं हैं। इसी आधार पर आशंका है कि उन्होंने खुदकुशी की। हालांकि सूत्रों का कहना है कि पोस्टमार्टम में दम घुटने से मौत की बात सामने आई है। दम घुटने की वजह फांसी लगाने के साथ ही गला दबाया जाना भी हो सकता है। ऐसे में विसरा भी प्रिजर्व कर लिया गया है।

नहीं मिला सुसाइड नोट, घरवालों ने नहीं की बात

शव को मर्चरी भेजवाने के बाद पुलिस ने होटल के कमरे की तलाशी ली। वहां डिप्टी सीएमओ के दो मोबाइल फोन मिले। कोई सुसाइड नोट नहीं बरामद हुआ। उधर, इस बारे में घरवाले भी चुप्पी साधे रहे। घटना की जानकारी पर पुलिस के आला अफसरों के साथ ही डीएम संजय खत्री व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

इंस्पेक्टर सिविल लाइंस वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शाम पांच बजे के करीब घरवाले शव लेकर वाराणसी के लिए रवाना हो गए। होटल का कमरा फिलहाल सील कर दिया गया है। परिस्थिति खुदकुशी की ओर इशारा कर रही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। इसे देखने के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा।

पत्नी भी डॉक्टर, भाई रह चुके हैं एमएलसी प्रत्याशी

डिप्टी सीएमओ की पत्नी अलका सिंह स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर के थे। उनके सबसे बड़े भाई नागेश्वर सिंह एमएलसी का चुनाव भी लड़ चुके हैं। पिता घनश्याम सिंह का निधन हो चुका है, जो वाराणसी स्थित यूपी कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। घटना की जानकारी मिलने पर डिप्टी सीएमओ के दो अन्य भाई अनिल कुमार व संजीव कुमार अन्य परिजनों के साथ मर्चरी पहुंचे थे।

चादर से बनाया गया था फंदा

डिप्टी सीएमओ का शव जिस फंदे से लटकता मिला, वह होटल की चादर से बनाया गया था। फंदा पंखे में फंसाया गया था। पलंग पर स्टूल रखा हुआ था लेकिन गद्दा हटाया गया था। डिप्टी सीएमओ ने बनियान व हाफ पैंट पहन रखा था।
विज्ञापन

मंगाने के बावजूद नहीं खाया खाना

कमरे की जांच पड़ताल के दौरान पुलिस को वहां खाना भी रखा मिला। होटल कर्मचारियों ने बताया कि डिप्टी सीएमओ ने रात में खाना अपने कमरे में ही मंगाया था। आमतौर पर वह नीचे स्थित रेस्त्रां में आकर खाना खाते थे लेकिन रविवार को ऐसा नहीं किया। उधर ड्राइवर सतीश ने बताया कि वह डिप्टी सीएमओ को लेकर दोपहर में 3:30 बजे के करीब होटल पहुंचा था। इसके बाद वह कहीं नहीं गए। इस दौरान वह नीचे ही गाड़ी में मौजूद रहा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें