आधी रात में भी मदद के लिए खड़े रहते थे केशरी नाथ : बृजेश पाठककेशरी नाथ त्रिपाठी की तेरहवीं में शामिल होने के लिए डिप्टी सीएम बृजेश पाठक अयोध्या से प्रयागराज पहुंचे। यहां पूर्व राज्यपाल को श्रद्धांजलि देने के बाद उन्होंने कहा कि स्वर्गीय केशरी नाथ ऐसे व्यक्ति थे जिनको आधी रात में भी मदद के लिए अगर बुलाया जाता था तो वह सदैव तत्पर खड़े रहते। कई बार विषम परिस्थितियों में खासतौर से मध्य प्रदेश में जब राजनीतिक संकट उत्पन्न हुआ था, तब उन्होंने आधी रात को हम लोगों का उत्साह वर्धन करते हुए पूरे मामले को बखूबी संभाला। व्यक्तिगत रूप से भी उन्होंने हमारी सहायता की एवं उनके दिशा निर्देशों से ही आज हम अपने राजनीतिक जीवन में सफल हुए हैं।
पंडित जी की इच्छा थी, उनके परिवार का व्यक्ति आए सक्रिय राजनीति में : दिनेश शर्मा
पूर्व डिप्टी सीएम डा. दिनेश शर्मा ने केशरी नाथ को श्रद्धांजलि देने के बाद कहा कि जब उनकी पिछली मुलाकात उनसे हुई थी तब उन्होंने इच्छा जाहिर की थी कि उनके परिवार का कोेई व्यक्ति सक्रिय राजनीति में आए। कहा कि मेरे उनसे आत्मीय संबंध थे। जब मैं लखनऊ का मेयर पहली बार बना तो मेरे नाम का प्रस्ताव उन्होंने ही रखा था। विधानसभा अध्यक्ष का कार्यकाल रहा हो या फिर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल का, केशरी नाथ को पार्टी ने जो दायित्व दिया उसे उन्होंने बखूबी निभाया।