महाकुंभ की अच्छी यादें लेकर विदा होंगे करोड़ों श्रद्धालु : केशव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘नए भारत के नए स्टेशन’ की नींव रविवार को रखी। प्रयागराज जंक्शन, फूलपुर, प्रयाग जंक्शन समेत 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास का शिलान्यास उन्होंने दिल्ली से रिमोट का बटन दबाकर दिया। प्रयागराज जंक्शन पर मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और प्रयाग स्टेशन पर विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी की मौजूदगी में लोगों ने भारत माता के जयकारे भी लगाए।
प्रयागराज जंक्शन पर पीएम मोदी का तकरीबन 38 मिनट का भाषण सुनने के बाद डिप्टी सीएम ने रेलवे मेें हुए बदलाव पर मोदी सरकार की तारीफ की। उन्होंने पूर्व की केंद्र एवं राज्य सरकार पर कटाक्ष भी किया। कहा कि वर्ष 2014 के पहले रेलवे की तस्वीर कैसी थी और अब कैसी है यह किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने वर्ष 2013 में लगे कुंभ मेले के दौरान मची भगदड़ का भी जिक्र किया।
कहा तब केंद्र में कांग्रेस और राज्य में सपा सरकार थी। भगदड़ में कई लोगों की जान चली गई। उस दौरान कुंभ में 12 करोड़ लोग ही आए, जबकि 2019 के कुंभ में यहां 24 करोड़ लोग आए और किसी को एक खरोंच तक नहीं लगी। अब 2025 की बारी है। अगर 48 करोड़ लोग भी आएंगे तो प्रयागराज उनका स्वागत करेगा। डबल इंजन की सरकार का प्रयास है की यहां आने वाले लोग अच्छी यादें लेकर जाएं।
एयरपोर्ट सरीखे होंगे यूपी रोडवेज के बस स्टेशन
केशव ने कहा कि रेलवे की तरह यूपी रोडवेज भी अपने बस स्टेशनों पर एयरपोर्ट सरीखी सुविधाएं विकसित करने जा रहा है। प्रयागराज का देश के लगभग सभी शहरों से बेहतर रेल, हवाई एवं सड़क मार्ग से संपर्क हो चुका है। अब जल मार्ग में प्रयागराज से हल्दिया जुड़ने जा रहा है। प्रयागराज के विकास का पथ नहीं रुकेगा डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रयागराज जंक्शन समेत 508 रेलवे स्टेशन का जो पुनर्विकास होना है उससे लाखों लोगों को रोजगार मिलेगा। 2014 फिर 2019 में हमने जो एकजुटता दिखाई वह 2024 में दिखानी है और एक बार फिर से नरेंद्र मोदी को पीएम बनाना है।
भगवान श्रीराम और निषादराज की मित्रता का प्रतीक है प्रयागराज
इस अवसर पर केशव ने मित्रता दिवस की भी बधाई दी। कहा कि प्रयागराज की पावन धरती भगवान श्रीराम और निषादराज गुहा की मित्रता की प्रतीक स्वरूप है। भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता को सारा जग जानता है। इसके पूर्व उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक सतीश कुमार ने प्रयागराज जंक्शन समेत उत्तर मध्य रेलवे के पुनर्विकास के लिए चयनित सभी रेलवे स्टेशन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने सभी अतिथियों का पौधे देकर स्वागत किया। वहीं कार्यक्रम में लगी स्क्रीनों पर लोगों को भविष्य के प्रयागराज जंक्शन का वीडियो भी दिखाया गया। इस अवसर पर प्रयागराज के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सांसद केशरी देवी पटेल, विनोद सोनकर, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, सिद्धार्थ नाथ सिंह, वाचस्पति, पीयूष रंजन निषाद, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, निर्मला पासवान, डाॅ. केपी श्रीवास्तव, पूर्व विधायक प्रभा शंकर पांडेय, अनामिका चौधरी मंचासीन रही।