टीजीटी और पीजीटी के रिक्त पड़े लगभग 23,775 पदों पर पुरानी नियमावली के आधार पर विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर 22 जून को युवा मंच के नेतृत्व में एक बार फिर पत्थर गिरजाघर पर पहुंच रहे हैं।
टीजीटी और पीजीटी के रिक्त पड़े लगभग 23,775 पदों पर पुरानी नियमावली के आधार पर विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर 22 जून को युवा मंच के नेतृत्व में एक बार फिर पत्थर गिरजाघर पर पहुंच रहे हैं। धरना-प्रदर्शन और आंदोलन के माध्यम से अपनी मांग पूरी कराने पर जोर देंगे। प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि सुबह 11 बजे पत्थर गिरजाघर धरना स्थल पर अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर फिर से आंदोलन शुरू करने जा रहे हैं। इस बार की लड़ाई आरपार की होगी।
विज्ञापन
युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि टीजीटी-पीजीटी भर्ती का विज्ञापन पुरानी नियमावली के आधार पर ही जारी किया जाना चाहिए। नई नियमावली लागू कर विज्ञापन जारी किए जाने की स्थिति में लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य पर संकट उत्पन्न हो जाएगा तथा बड़ी संख्या में ऐसे अभ्यर्थी आवेदन के अवसर से वंचित हो जाएंगे, जो वर्षों से भर्ती की तैयारी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा करना सरकार और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। यदि पुरानी नियमावली को दरकिनार कर नई व्यवस्था के तहत विज्ञापन जारी किया जाता है तो यह लाखों युवाओं के साथ अन्याय होगा। युवा मंच इस मुद्दे पर लगातार संघर्षरत है और तब तक आंदोलन जारी रहेगा, जब तक अभ्यर्थियों के हितों के अनुरूप निर्णय नहीं लिया जाता। युवा मंच ने प्रदेश के सभी प्रतियोगी छात्र-छात्राओं एवं भर्ती अभ्यर्थियों से अधिक से अधिक संख्या में धरना स्थल पहुंचकर आंदोलन को मजबूत बनाने की अपील की है।