नदी पर प्रस्तावित पुल को स्वीकृत स्थल से दूसरी जगह शिफ्ट किए जाने की आशंका से नाराज ग्रामीणों और किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने रविवार को धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने पुल को स्वीकृत स्थान पर बनाने की मांग की।
विकासखंड प्रतापपुर के कटेहरी गांव स्थित वरुणा नदी पर बनने वाले पुल को लेकर ग्रामीण परेशान हैं। रविवार को भारतीय किसान संगठन अराजनैतिक के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन कर पुल के निर्धारित स्थल को बदलने का विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना है कि पुल के लिए शासन से पहले ही 2.16 करोड़ की स्वीकृति मिल चुकी है। भूमि पूजन भी हो चुका है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग पुल को दूसरी जगह शिफ्ट करने की कोशिश कर रहे हैं जिससे कटेहरी और आसपास के गांवों की वर्षों पुरानी समस्या फिर अधर में लटक जाएगी। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि पुल का निर्माण स्वीकृत स्थान कटेहरी गांव स्थित वरुणा नदी पर ही किया जाए। वे जल्द ही एसडीएम हंडिया कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे।
धरना के दौरान भारतीय किसान संगठन अराजनैतिक के प्रदेश अध्यक्ष सूर्यमणि शुक्ला, मानिक गौड़, गुलाब पटेल, भोलानाथ पटेल, अमर सिंह, राम सजीवन पटेल, राजेंद्र पटेल, उदयराज, सालिकराम, रामानंद, राजेश मौजूद रहे।