ब्लॉक क्षेत्र स्थित राजापुर–भरारी बाईपास मार्ग पूरी तरह जर्जर होकर हादसों को दावत दे रहा है। करीब दो किमी लंबी बाईपास की सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जबकि किनारे धंसने लगे हैं। जिस वजह से राहगीरों का आवागमन मुश्किल हो गया है। हिचकोले खाते हुए उनको सफर करना पड़ता है।
बीते सप्ताह धंसी सड़क की वजह से बालू लदा एक डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। वीपी-प्रतापपुर राजमार्ग स्थित भारतगंज कस्बे में लगने वाले भीषण जाम से बचाने के लिए इस बाईपास का निर्माण कराया गया था। लेकिन, सड़क की खराब हालत के चलते अब अधिकांश वाहन एक बार फिर कस्बे के बीच से गुजरने पर मजबूर हैं। इससे कस्बा दिनभर जाम से जूझता रहता है और स्थानीय व्यापारियों व राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से सड़क मरम्मतीकरण की मांग की।
बोले ग्रामीण
बाईपास की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि रोज किसी न किसी वाहन का पहिया गड्ढों में फंस जाता है। पिछले सप्ताह डंपर पलटने की घटना ने खतरे को साफ दिखा दिया। मरम्मत ही एकमात्र समाधान है। - अरविंद बिंद,फचकरा
जाम से राहत दिलाने वाला यह बाईपास अब उल्टा लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। सड़क टूटने के बाद बड़े वाहन भी यहां से गुजरने में डरते हैं। अधिकारी सिर्फ औपचारिक बयान दे रहे हैं जबकि पीड़ा जनता झेल रही है। - आशुतोष तिवारी, नहवाई
गड्ढों की लंबी कतार ने सड़क को तालाब में बदल दिया है। छोटे वाहन चालक हर पल गिरने या फंसने के डर में रहते हैं। कम से कम अस्थायी मरम्मत तो होनी चाहिए। - विकास तिवारी, नहवाई
बाईपास खराब होने से हम फिर से कस्बे की जामभरी सड़क का सहारा लेने को मजबूर हैं। दूरी छोटी होते हुए भी सफर लंबा और जोखिमभरा हो गया है। सड़क की मरम्मत बेहद जरूरी है। - रामलाल बिंद, धरांव गजपति
वर्जन
ओवरलोड वाहन गुजरने के चलते सड़क ध्वस्त होने की जानकारी प्राप्त हुई है। एक सप्ताह के भीतर सड़क मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। सत्यवीर सिंह अवर अभियंता पीडब्ल्यूडी
फोटो कैप्शन: खस्ताहाल राजापुर-भरारी बाईपास मार्ग से गुजरते वाहन।