परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने डीएलएड द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा का संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। डीएलएड द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 13 से 15 मई और चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं 18 से 20 मई तक आयोजित होंगी।
परीक्षा को लेकर सचिव ने सभी केंद्राध्यक्षों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। डीएलएड चतुर्थ सेमेस्टर के लिए अभ्यर्थी 14 मई से आधिकारिक वेबसाइट से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
डीएलएड द्वितीय सेमेस्टर के प्रथम प्रश्नपत्र वर्तमान भारतीय समाज एवं प्रारंभिक शिक्षा की परीक्षा 13 मई को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक होगी। उसी दिन द्वितीय प्रश्नपत्र प्रारंभिक शिक्षा के नवीन प्रयास की परीक्षा दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक होगी।
14 मई को तृतीय प्रश्नपत्र विज्ञान की परीक्षा सुबह 10 से 11 बजे तक और चतुर्थ प्रश्नपत्र गणित की परीक्षा 11:30 बजे से 12:30 बजे तक होगी। इसी दिन पंचम प्रश्नपत्र सामाजिक अध्ययन की परीक्षा दोपहर दो बजे से चार बजे तक होगी। 15 मई को छठवें प्रश्नपत्र हिंदी की परीक्षा सुबह 10 से 11 बजे तक और सातवें प्रश्नपत्र अंग्रेजी की परीक्षा 11:30 बजे से 12:30 बजे तक होगी।
डीएलएड चतुर्थ सेमेस्टर का प्रथम प्रश्नपत्र आरंभिक स्तर पर भाषा एवं गणित के पठन-लेखन क्षमता का विकास की परीक्षा 18 मई को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक होगी। उसी दिन द्वितीय प्रश्नपत्र शैक्षिक प्रबंधन एवं प्रशासन की परीक्षा दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक होगी।
19 मई को तृतीय प्रश्नपत्र विज्ञान की परीक्षा सुबह 10 से 11 बजे तक, चतुर्थ प्रश्नपत्र गणित की परीक्षा 11:30 बजे से 12:30 बजे तक और पंचम प्रश्नपत्र सामाजिक अध्ययन की परीक्षा दोपहर दो बजे से चार बजे तक होगी।
20 मई को छठवें प्रश्नपत्र हिंदी की परीक्षा सुबह 10 से 11 बजे तक, सातवें प्रश्नपत्र अंग्रेजी की परीक्षा 11:30 बजे से 12:30 बजे तक और आठवें प्रश्नपत्र शांति शिक्षा एवं सतत विकास की परीक्षा दोपहर दो बजे से तीन बजे तक होगी।