होलागढ़ के गांव टोडीपुरवा नहर पुलिया के पास आईटीआई छात्र हिमांशु सरोज के हत्यारोपी साहिल यादव को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार देर रात करीब 12 बजे पुलिस ने आरोपी को नहर पुलिया के पास दबोचा है। उसे इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल लाया गया है।
पुलिस को हिमांशु सरोज की हत्या के आरोपी की नहर की पुलिया के पास होने की सूचना मिली। होलागढ़ पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी साहिल को दबोचने प्रयास किया लेकिन तभी उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया।
देर रात पुलिस उसे एसआरएन अस्पताल लेकर पहुंची। डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से अन्य की जानकारी जुटाई जा रही है।
बीते रविवार की सुबह होलागढ़ के राजापुर चौबारा गांव झौनी का पुरवा निवासी हिमांशु सरोज को गोली मारकर साहिल यादव फरार हो गया था। मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।